Friday, November 20, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsकटनी में जेल गेट के सामने से 3 आरोपी फरार, एक पकड़ाया;...

कटनी में जेल गेट के सामने से 3 आरोपी फरार, एक पकड़ाया; दो की तलाश जारी

कटनी: मध्यप्रदेश के कटनी में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बहोरीबंद थाने से जिला जेल में दाखिल कराने लाए गए तीन आरोपी पुलिस को चकमा देकर जेल गेट के सामने से फरार हो गए। शुक्रवार देर शाम हुई इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। हालांकि, पुलिस ने फरार हुए तीन आरोपियों में से एक को दोबारा पकड़ लिया है, जबकि दो अब भी फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

जेल में दाखिले से पहले पुलिस को दिया चकमा

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बहोरीबंद पुलिस शुक्रवार देर शाम धारा 151 के तहत कार्रवाई करते हुए राकेश, रंजीत और अभिषेक नाम के तीन आरोपियों को जिला जेल कटनी में दाखिल कराने पहुंची थी। पुलिस टीम तीनों को जेल के भीतर ले जाती, इससे पहले ही आरोपी झिझरी स्थित जेल गेट के सामने से पुलिस हिरासत से भाग निकले।

घटना के बाद पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने कुछ समय बाद एक आरोपी को पकड़ लिया, लेकिन राकेश और रंजीत में से कौन पकड़ा गया, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बाकी दो आरोपियों की तलाश जारी है।

दो आरोपियों की तलाश में दबिश

स्लीमनाबाद एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी ने बताया कि फरार हुए तीन आरोपियों में से एक को दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष दो की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

जेल के मुख्य गेट के सामने पुलिस हिरासत से आरोपियों के भागने की घटना ने सुरक्षा और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले में वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से जांच कराए जाने की संभावना है।

ये भी पढ़ें: वन विभाग के SDO के घर लोकायुक्त का छापा, आय से अधिक संपत्ति की जांच

15 करोड़ की ज्वेलरी चोरी से पहले ही दबाव में पुलिस

कटनी पुलिस पहले से ही किसना ज्वेलर्स से करीब 15 करोड़ रुपये के जेवर चोरी होने के मामले को लेकर दबाव में है। इस बड़ी वारदात का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। शुक्रवार को डीआईजी अतुल सिंह और आईजी प्रमोद वर्मा ने भी चोरी के मामले की जांच की समीक्षा की थी।

इसी बीच जेल गेट के सामने से तीन आरोपियों के फरार होने की घटना ने पुलिस की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। अब पुलिस के सामने फरार आरोपियों को दोबारा पकड़ने के साथ इस चूक के कारणों का पता लगाने की चुनौती भी है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

15 to 21 November 2026
8 to 14 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन