Saturday, November 7, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsभोपाल-रानी कमलापति होकर चलेंगी 3 समर स्पेशल ट्रेनें, देंखे नाम और समय...

भोपाल-रानी कमलापति होकर चलेंगी 3 समर स्पेशल ट्रेनें, देंखे नाम और समय…

भोपाल। गर्मी की छुट्टियों के चलते बढ़ती यात्रियों की भीड़ देखते हुए रेलवे ने भोपाल और रानी कमलापति स्टेशन से होकर गुजरने वाली तीन स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला किया है। इन ट्रेनों के चलने से भोपाल, इटारसी और आसपास के यात्रियों को दिल्ली, फरीदाबाद और गुजरात रूट पर अतिरिक्त सुविधा मिलेगी। पश्चिम मध्य रेलवे भोपाल मंडल के मुताबिक उधना-निजामुद्दीन स्पेशल ट्रेन के साथ विशाखापट्टनम से हजरत निजामुद्दीन और फरीदाबाद के लिए भी समर स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी।

उधना-निजामुद्दीन स्पेशल ट्रेन का संचालन

गाड़ी संख्या 09121 उधना-निजामुद्दीन स्पेशल ट्रेन 22 मई 2026 शुक्रवार को उधना से शाम 6 बजे रवाना होगी। ट्रेन अगले दिन सुबह 7.20 बजे इटारसी और सुबह 9.15 बजे भोपाल पहुंचेगी। इसके बाद तीसरे दिन रात 12.15 बजे निजामुद्दीन पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 09122 निजामुद्दीन-उधना स्पेशल ट्रेन 24 मई 2026 रविवार को रात 9.20 बजे निजामुद्दीन से रवाना होगी। ट्रेन अगले दिन सुबह 11.30 बजे भोपाल और दोपहर 1.35 बजे इटारसी पहुंचेगी। इसके बाद मंगलवार रात 12.45 बजे उधना पहुंचेगी। यह ट्रेन नवापुर, नंदुरबार, भुसावल, इटारसी, भोपाल, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी और आगरा कैंट समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। ट्रेन में 22 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 18 स्लीपर और 2 सामान्य श्रेणी के डिब्बे शामिल हैं।

रानी कमलापति होकर चलेंगी दो और स्पेशल ट्रेनें

रेलवे ने विशाखापट्टनम-हजरत निजामुद्दीन और विशाखापट्टनम-फरीदाबाद के बीच भी समर स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। ये दोनों ट्रेनें रानी कमलापति स्टेशन से होकर गुजरेंगी। ट्रेन संख्या 08513 विशाखापट्टनम-हजरत निजामुद्दीन स्पेशल ट्रेन 21 मई को विशाखापट्टनम से चलेगी और 23 मई को निजामुद्दीन पहुंचेगी। यह ट्रेन रानी कमलापति स्टेशन पर रात 10.20 बजे पहुंचेगी और 10.25 बजे रवाना होगी। वापसी में ट्रेन संख्या 08514, 24 मई को निजामुद्दीन से रवाना होकर 26 मई को विशाखापट्टनम पहुंचेगी। रानी कमलापति स्टेशन पर इसका समय दोपहर 2.10 बजे आगमन और 2.15 बजे प्रस्थान रहेगा।

फरीदाबाद के लिए भी चलेगी विशेष ट्रेन

ट्रेन संख्या 08515 विशाखापट्टनम-फरीदाबाद विशेष ट्रेन 21 मई को विशाखापट्टनम से रवाना होकर 23 मई को फरीदाबाद पहुंचेगी। यह ट्रेन रानी कमलापति स्टेशन पर दोपहर 3:45 बजे पहुंचेगी और 3.50 बजे रवाना होगी। वापसी में ट्रेन संख्या 08516 फरीदाबाद-विशाखापट्टनम विशेष ट्रेन 25 मई को फरीदाबाद से चलेगी और 27 मई को विशाखापट्टनम पहुंचेगी। रानी कमलापति स्टेशन पर इसका समय दोपहर 3.05 बजे आगमन और 3.10 बजे प्रस्थान रहेगा।

यात्रियों को मिलेगी राहत

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक इन विशेष ट्रेनों के संचालन से मध्य भारत और उत्तर भारत की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। साथ ही गर्मी की छुट्टियों में बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने में भी मदद मिलेगी। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की समय-सारणी और आरक्षण संबंधी जानकारी जांचने की अपील की है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

1 to 7 November 2026
25 to 31 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन