उज्जैन: देवास-उज्जैन रोड स्थित श्री गंगा होटल में चैंबर की सफाई के दौरान चार लोगों की मौत के मामले में सीएम डॉ मोहन यादव ने दुख व्यक्त किया है। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतकों के परिजन को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
क्या है पूरी घटना
घटना रात के समय हुई। चार लोग होटल का ओवरग्राउंड चैंबर साफ करने उतरे थे। इसी दौरान वे अंदर फंस गए। सूचना मिलने पर माधव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया। मृतकों की पहचान कमलेश तंबोली, नितिन वाहिद, मनोज मीणा और वाहिद के रूप में हुई है।
कड़ी मशक्कत के बाद चारों को बाहर निकाला
चैंबर का गेट खोलने में परेशानी आने पर थाना प्रभारी गजेंद्र पचोरिया ने पास में चल रहे निर्माण कार्य से कटर मशीन मंगवाई। इसकी मदद से गेट काटा गया। चैंबर के फर्श पर काफी फिसलन थी। इससे बचाव कार्य में भी परेशानी आई।
करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद चारों को बाहर निकाला गया। पुलिसकर्मियों ने उन्हें दो मिनट से ज्यादा समय तक CPR दिया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। चारों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
पांचवां सफाईकर्मी घबराहट होने पर बाहर आया
चार लोगों के फंसने के बाद हेमराज नाम का पांचवां सफाईकर्मी भी चैंबर में गया था। उसे घबराहट और बेहोशी महसूस होने लगी। इसके बाद वह बाहर आ गया। चारों को बचाने के लिए चैंबर में उतरे दो अन्य लोगों की भी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रेस्क्यू के दौरान एक सब-इंस्पेक्टर भी घायल हुआ है।
ये भी पढ़ें: उत्तराखंड हेलिकॉप्टर हादसे में सभी 6 मृतकों के शव बरामद, दुर्गम पहाड़ी रास्तों से रेस्क्यू टीम ने निकाले शव
मुख्यमंत्री ने आर्थिक मदद की घोषणा की
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि चैंबर की सफाई के दौरान चार लोगों की मौत का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। साथ ही राज्य शासन की ओर से प्रत्येक मृतक के परिजन को 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।

