उज्जैन: उज्जैन के कालभैरव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते दर्शन व्यवस्था चरमरा गई। 500 रुपए की VIP टिकट लेने वाले श्रद्धालुओं को भी दर्शन के लिए चार घंटे तक इंतजार करना पड़ा।
VIP टिकट लेने वाले भी लंबी कतारों में खड़े नजर आए
शुक्रवार को मंदिर में सामान्य दर्शनार्थियों के साथ VIP टिकट लेने वाले भी लंबी कतारों में खड़े नजर आए। तेज धूप में बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं परेशान होते रहे। किसी को ढाई तो किसी को चार घंटे तक इंतजार करना पड़ा। हालात ऐसे बने कि कई श्रद्धालु बिना दर्शन किए ही वापस लौट गए।
बड़ी संख्या में श्रद्धालु कालभैरव के दर्शन के लिए पहुंच रहे
महाराष्ट्र और गुजरात से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कालभैरव के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। मंदिर के बाहर से लेकर दर्शन मार्ग तक लंबी कतारें लगी रहीं। सबसे ज्यादा नाराजगी VIP दर्शन व्यवस्था को लेकर दिखाई दी।
श्रद्धालुओं का कहना था कि जब 500 रुपए की टिकट लेने के बाद भी घंटों इंतजार करना पड़ रहा है तो फिर VIP व्यवस्था का मतलब क्या रह गया। टिकट लेने के लिए ही डेढ़ घंटे तक कतार में लगना पड़ रहा है। श्रद्धालुओं ने अतिरिक्त टिकट काउंटर खोलने की मांग भी की।
पानी की व्यवस्था न होने से बच्चे-बुजुर्ग परेशान
लंबी कतारों में खड़े श्रद्धालुओं के लिए पीने के पानी और छांव की पर्याप्त व्यवस्था नहीं दिखाई दी। गर्मी और धूप के बीच लोग घंटों इंतजार करते रहे। कतारों में छोटे बच्चों को लेकर खड़े परिजन उन्हें कंधे पर उठाकर राहत देने की कोशिश करते नजर आए।
कुछ जगह भीड़ के दबाव के कारण लोगों को परेशानी हुई। बीच में पानी की बोतलें बेचने वाले भी नजर आए। श्रद्धालुओं का कहना था कि दर्शन मार्ग पर पेयजल की व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि लोगों को महंगे दामों पर पानी नहीं खरीदना पड़े।
ये भी पढ़ें: 283 करोड़ के यूनिटी मॉल के निर्माण पर सवाल, BJP सांसद फिरोजिया ने केंद्रीय मंत्री खट्टर से की शिकायत
जिम्मेदार अधिकारी बोले- कलेक्टर ही देंगे जवाब
मंदिर की व्यवस्थाओं को लेकर जब प्रशासनिक अधिकारियों से बात करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने जवाब देने से दूरी बना ली। अधिकारियों का कहना था कि उन्हें केवल साफ-सफाई और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी दी गई है। वे समय-समय पर निगरानी करते हैं। इस मामले में जो भी जवाब देना होगा, कलेक्टर देंगे।

