Friday, November 13, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsवार्ड 3, 9 और 10 में गंदगी का अंबार, नगरपालिका की सफाई...

वार्ड 3, 9 और 10 में गंदगी का अंबार, नगरपालिका की सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल

बालाघाट: नगर के विभिन्न वार्डों में इन दिनों सफाई व्यवस्था की बदहाल स्थिति नागरिकों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। वार्डो की गलियों और मोहल्लों में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं। सबसे खराब स्थिति वार्ड क्रमांक 03 और 10 में देखने को मिल रही है, जहां नियमित सफाई नहीं होने से गंदगी का अंबार लगा हुआ है। स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि मोहल्लों और गलियों से चार से पांच दिनों तक कचरा नहीं उठाया जाता, जिसके चलते कचरा सड़कों पर बिखरा रहता है। इसके बावजूद जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और नगर की सफाई व्यवस्था संभालने वाले अमले का इस ओर ध्यान नहीं जा रहा है।

सबसे चिंताजनक स्थिति जामा मस्जिद चौक के समीप उस स्थान की है, जहां खुले में कचरा फेंका जा रहा है। यह स्थान वार्ड क्रमांक 9 के अंतर्गत आता है, लेकिन यहां वार्ड क्रमांक 3 के रहवासियों द्वारा भी कचरा डाला जाता है। विडंबना यह है कि कचरा उठाने की जिम्मेदारी को लेकर दोनों वार्डों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है। वार्ड क्रमांक 9 के पार्षद का कहना है कि उक्त स्थान पर वार्ड क्रमांक 3 के रहवासी कचरा फेंकते हैं, इसलिए वहां से कचरा उठाने की जिम्मेदारी वार्ड क्रमांक 3 के कचरा वाहन की होनी चाहिए।

कचरा वाहन नियमित रूप से नहीं पहुंचने के आरोप

वहीं वार्ड क्रमांक 3 के रहवासियों का आरोप है कि उनके क्षेत्र में कचरा वाहन नियमित रूप से नहीं पहुंचता और उसका कोई अता-पता नहीं रहता। ऐसे में जामा मस्जिद चौक के पास जमा कचरा कई दिनों तक पड़ा रहता है। स्थिति यह है कि आवारा मवेशियों के झुंड कचरे में विचरण करते हुए उसे सड़क पर फैला देते हैं, जिससे आसपास गंदगी और दुर्गंध फैल रही है।

नगरपालिका परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल

सफाई व्यवस्था की इस बदहाली ने नगरपालिका परिषद की कार्यप्रणाली और वार्ड पार्षदों की सक्रियता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर वार्डों की सफाई और कचरा उठाने की जिम्मेदारी किसकी है? आपसी जिम्मेदारी तय करने के बजाय नागरिकों को गंदगी के बीच रहने के लिए क्यों मजबूर होना पड़ रहा है? शिकायतो पर आश्वासन और समीक्षा में वाहवाही लूटने वाले नगरपालिका के जिम्मेदार अधिकारी कभी मौके का निरीक्षण नही करते। यदि शहर की सफाई व्यवस्था उनकी निगरानी में होती तो शायद ही ऐसी तस्वीरें अखबारो की सुर्खियां बनती।

फिलहाल आवश्यकता यही है कि नगरपालिका के जिम्मेंदारी अधिकारी और जनप्रतिनिधि नियमित कचरा उठाव की व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि नागरिकों को इस समस्या से राहत मिल सके।

कचरा वाहन में न डालने पर जुर्माने की होगी कार्रवाई

इस मामले में नगरपालिका सीएमओ सूर्यप्रकाश यूके का कहना है कि आज उन्होने स्टाफ भेज वहां पर समझाइस दी कि कोई भी कचरा सडक पर नहीं फेंकेगा। घरों व प्रतिष्ठानों से निकलने वाला कचरा, पहले संग्रहित करके रखे और जब कचरा वाहन मौके से गुजरे तो उक्त कचरा, कचरा वाहन में डाले, अन्यथा जुर्माने की कार्रवाई की जायेगी।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन