सूरत: गुजरात के सूरत में रेस्टोरेंट का खाना खाने के बाद 5 साल की बच्ची आर्या की मौत हो गई। घटना सूरत की रानुजाधाम सोसायटी की है। परिवार ने 15 अगस्त की शाम शहर के शीटल रेस्टोरेंट से काजू-पनीर समेत अन्य खाना मंगवाया था। खाना खाने के कुछ घंटे बाद परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ने लगी।
परिवार के मुताबिक, 16 अगस्त की सुबह करीब 4 बजे अशोकभाई कलसारिया और उनकी एक बेटी को तेज पेट दर्द हुआ। दोनों ने सुबह करीब 9 बजे स्थानीय क्लीनिक में इलाज कराया। इसके कुछ समय बाद परिवार के अन्य सदस्यों की तबीयत भी खराब हो गई। इसके बाद सभी पांचों को सद्विचार अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचने के करीब 15 से 20 मिनट बाद 5 साल की आर्या की मौत हो गई। वहीं, उसके पिता, मां और दो बहनों का इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक, चारों की हालत फिलहाल स्थिर है।
ये भी पढ़े मोदी कैबिनेट में इसी महीने बड़ा फेरबदल संभव, दो दर्जन मंत्रियों के विभाग बदलने की तैयार
रेस्टोरेंट सील, खाने के सैंपल जांच के लिए भेजे
घटना की जानकारी मिलने के बाद सूरत नगर निगम की टीम ने शीटल रेस्टोरेंट की जांच की। जांच के दौरान किचन में साफ-सफाई और हाइजीन से जुड़ी कमियां मिलीं। इसके बाद अधिकारियों ने रेस्टोरेंट को सील कर नोटिस जारी कर दिया।
फूड सेफ्टी अधिकारी सेजल व्यास ने बताया कि फूड पॉइजनिंग की शिकायत मिलने के बाद टीम ने रेस्टोरेंट पहुंचकर जांच की। वहां मौजूद खराब खाद्य सामग्री को नष्ट कराया गया और खाने के सैंपल जांच के लिए लिए गए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
मामले की जानकारी मिलने के बाद गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल पानसेरिया ने अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अस्पताल में भर्ती परिवार के सदस्यों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य मंत्री ने रेस्टोरेंट संचालक या मामले में जिम्मेदार पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं।
फिलहाल बच्ची की मौत का रेस्टोरेंट के खाने से सीधा संबंध जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और खाने के सैंपल की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

