रायसेन: मध्यप्रदेश की नर्मदा घाटी में प्रागैतिहासिक काल के विशालकाय जीवों से जुड़ी महत्वपूर्ण खोज हुई है। रायसेन जिले के पतई स्थित नर्मदा घाट पर विशालकाय हाथी के निचले जबड़े और पसली की हड्डी के जीवाश्म मिले हैं। प्रारंभिक वैज्ञानिक आकलन के अनुसार, ये अवशेष करीब 4 से 5 लाख वर्ष पुराने हो सकते हैं। इनका संबंध दुनिया के सबसे विशाल हाथियों में शामिल Palaeoloxodon namadicus प्रजाति से होने की संभावना जताई जा रही है। पांच वैज्ञानिकों की टीम ने जीवाश्मों का प्रारंभिक अध्ययन शुरू कर दिया है। इस बीच स्थानीय लोगों ने जीवाश्म की पूजा भी शुरू कर दी है।
वैज्ञानिकों के अनुसार, यह प्रागैतिहासिक हाथी करीब 4 से 5 मीटर ऊंचा और 18 से 22 टन वजनी रहा होगा। इसकी लंबाई लगभग 16 से 18 फीट तक होने का अनुमान है। विशेषज्ञों का मानना है कि जिस मिट्टी की परत में ये अवशेष मिले हैं, वहां हाथी के शरीर के दूसरे हिस्से भी दबे हो सकते हैं।
पांच वैज्ञानिकों की टीम ने किया अध्ययन
वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. हितकिशोर गोस्वामी, डॉ. रवि उपाध्याय, डॉ. कुंवर वजाहत शाह, डॉ. सचिन कुमार और डॉ. मुकेश द्विवेदी की टीम ने जीवाश्मों का प्रारंभिक विश्लेषण किया। इस दौरान इनके मिलने वाली भूगर्भीय परतों और मिट्टी की संरचना का अध्ययन किया गया।
वैज्ञानिकों के अनुसार, जीवाश्म मध्य प्लाइस्टोसीन काल की बनैटा फॉर्मेशन की पीली मिट्टी और सोहागपुर फॉर्मेशन की महीन सिल्ट की परतों से संबंधित हो सकते हैं। इन भूगर्भीय संरचनाओं का समयकाल लगभग 24 हजार से 5 लाख वर्ष पूर्व तक माना जाता है। हालांकि जीवाश्मों की वास्तविक उम्र का पता विस्तृत वैज्ञानिक परीक्षण के बाद ही चलेगा।
दांतों की बनावट से प्रजाति के संकेत
जीवाश्म में मिले जबड़े की लंबाई करीब 75 सेंटीमीटर और चौड़ाई 25 सेंटीमीटर है। इसकी दाढ़ों में समानांतर रूप से 7 से 9 पंक्तियां दिखाई दे रही हैं। दांत ऊंचे और उभरे हुए हैं। इनकी बनावट और जबड़े की संरचना Palaeoloxodon प्रजाति से मेल खाती है।
नर्मदा घाटी में इससे पहले Stegodon प्रजाति के जीवाश्म भी मिल चुके हैं। यह हाथी जैसा दिखने वाला जीव था, जिसकी ऊंचाई करीब 3 मीटर होती थी। इसके जबड़े और दांतों की बनावट अलग थी। पतई में मिले जीवाश्म में ऐसे लक्षण नहीं मिलने से वैज्ञानिकों ने इसके Stegodon होने की संभावना कम जताई है।
जीवाश्म संरक्षण क्षेत्र बनाने की मांग
पतई और आसपास का इलाका जीवाश्मों की दृष्टि से पहले से महत्वपूर्ण रहा है। वर्ष 2010 में यहां डायनासोर समेत कई प्रागैतिहासिक जीवों के जीवाश्म मिले थे। इसके अलावा नर्मदा घाटी के हथनोरा में प्राचीन मानव का कपाल और नरसिंहपुर के सूरजकुंड में लाखों वर्ष पुराना हाथी का दांत मिल चुका है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस क्षेत्र में अभी और महत्वपूर्ण जीवाश्म मिल सकते हैं। इसलिए इसे जीवाश्म संरक्षित क्षेत्र घोषित करने की जरूरत है। आईआईटी गांधीनगर में आयोजित बैठक में भी इस विषय पर चर्चा हुई थी। जानकारी के अनुसार, संरक्षण क्षेत्र बनाने का प्रस्ताव पिछले वर्ष यूनेस्को को भी भेजा गया था। पतई में मिली नई खोज ने एक बार फिर नर्मदा घाटी के वैज्ञानिक और भूगर्भीय महत्व को सामने ला दिया है।

