नई दिल्ली। इंग्लैंड के मेट्रो बैंक वनडे कप में रविवार को ऐसा बल्लेबाजी का नजारा देखने को मिला, जिसने क्रिकेट फैंस को रोमांचित कर दिया। हैम्पशायर के बल्लेबाज टोबी अल्बर्ट ने लगातार छह गेंदों पर छह छक्के जड़कर मैदान पर तहलका मचा दिया। उनकी तूफानी पारी की बदौलत हैम्पशायर ने ससेक्स के खिलाफ 50 ओवर में 9 विकेट पर 383 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया और मुकाबला 51 रन से अपने नाम कर लिया।
दो अलग-अलग ओवर, लेकिन लगातार छह गेंदों पर छह छक्के
टोबी अल्बर्ट के छह छक्कों की सबसे खास बात यह रही कि उन्होंने यह कारनामा एक ही ओवर में नहीं किया। पहले उन्होंने नान्टेस ओस्टहुइज़ेन के ओवर की आखिरी दो गेंदों पर लगातार दो छक्के लगाए।
इसके बाद अगले ओवर की पहली दो गेंदें जेक लेहमैन ने खेलीं। अल्बर्ट को तीसरी गेंद पर स्ट्राइक मिली और उन्होंने ओली किर्टले की अगली चार गेंदों को लगातार छक्के के लिए भेज दिया। इस तरह दो अलग-अलग ओवरों को मिलाकर अल्बर्ट ने लगातार छह गेंदों पर छह छक्के पूरे कर दिए।
37 गेंदों में ताबड़तोड़ 86 रन, पारी में 8 छक्के
अल्बर्ट यहीं नहीं रुके। उन्होंने महज 37 गेंदों में 86 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी पारी में 5 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। यानी उन्होंने सिर्फ बाउंड्री के जरिए ही 68 रन बटोर लिए।
अल्बर्ट को 21 रन के स्कोर पर जीवनदान भी मिला था। इसके बाद उन्होंने गेंदबाजों की जमकर खबर ली और अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से हैम्पशायर के स्कोर को तेजी से आगे बढ़ाया।
ओपनर्स ने भी जडे़ शतक
हैम्पशायर की बड़ी जीत में सिर्फ अल्बर्ट का बल्ला नहीं चला। टीम के दोनों सलामी बल्लेबाजों ने भी शानदार शतक लगाए।
पूर्व ससेक्स खिलाड़ी अली ओर ने अपने पुराने घरेलू मैदान पर 105 रन की पारी खेली। उन्होंने 14 चौके और एक छक्का लगाया। वहीं 18 वर्षीय बेन मेस ने 115 गेंदों में 109 रन बनाकर अपना पहला लिस्ट-ए शतक जड़ा। उनकी पारी में 12 चौके और एक छक्का शामिल रहा।
दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 225 रन की शानदार साझेदारी हुई। इसके बाद अल्बर्ट ने मोर्चा संभाला और महज 37 गेंदों में 86 रन ठोककर टीम को 383 रन तक पहुंचा दिया।
हैम्पशायर का दूसरा सबसे बड़ा लिस्ट-ए स्कोर
383/9 का स्कोर हैम्पशायर के लिए लिस्ट-ए क्रिकेट में दूसरा सबसे बड़ा स्कोर रहा। टीम का इससे बड़ा स्कोर 2022 में केंट के खिलाफ 396/5 था। इस जीत के साथ हैम्पशायर ने टूर्नामेंट में अपनी चौथी जीत दर्ज की।
ससेक्स ने भी किया पलटवार, लेकिन लक्ष्य से रह गया 51 रन दूर
384 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी ससेक्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन चार्ली टीयर ने शानदार शतक लगाकर मैच में रोमांच बनाए रखा। उन्होंने 94 गेंदों में 111 रन बनाए।
टीयर के अलावा जैक लीनिंग ने 92 और डैन इब्राहिम ने 55 रन की पारी खेली। एक समय ससेक्स की टीम 146/2 के स्कोर पर हैम्पशायर से रनरेट के मामले में आगे चल रही थी, लेकिन बाद में विकेट गिरते गए और टीम 48.5 ओवर में 332 रन पर ऑलआउट हो गई।
युवराज सिंह और हर्षल गिब्स की याद दिलाई
लगातार छह गेंदों पर छह छक्के लगाने का कारनामा क्रिकेट में बेहद खास माना जाता है। भारत के युवराज सिंह ने 2007 टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर में छह छक्के लगाए थे। दक्षिण अफ्रीका के हर्षल गिब्स ने भी 2007 वनडे वर्ल्ड कप में नीदरलैंड्स के खिलाफ एक ओवर में छह छक्के जड़े थे।

टोबी अल्बर्ट का कारनामा इनसे थोड़ा अलग रहा, क्योंकि उनके छह छक्के दो ओवरों में आए। हालांकि, लगातार छह गेंदों पर छह छक्के लगाने के कारण उनकी यह पारी क्रिकेट के यादगार लम्हों में जरूर शामिल हो गई है।

