भोपाल। मध्यप्रदेश में शनिवार शाम अचानक मौसम ने करवट ली और कई जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। वहीं राजधानी भोपाल ,इंदौर और जबलपुर समेत कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिली है।
शाम के समय तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से मौसम अचानक बदल गया, कई जगहों पर धूल भरी आंधी चली तो कहीं पर बिजली भी गिरी।गरज –चमक के साथ हुई बारिश के बाद तापमान में 3-5 डिग्री तक की गिरावट भी दर्ज की गई है। हालांकि बारिश से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली है लेकिन कुछ जगहों पर तेज हवा से पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की खबरें भी सामने आई हैं।
यह बारिश जहां एक ओर गर्मी से राहत लेकर आई है, वहीं किसानों के लिए मिली-जुली स्थिति बन गई है। फसलों को नमी मिलने से फायदा होगा तो वहीं तेज हवा और ओलावृष्टि की आशंका से नुकसान होने की भी संभावना है।
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24–48 घंटों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। जिसमें तेज हवाएं (30–40 किमी/घंटा) चलने के आसार है और साथ ही कुछ इलाकों में ओले गिरने की संभावना है।

