मंत्री प्रहलाद पटेल के बेटे प्रबल सिंह के विवाह समारोह में सीएम मोहन यादव सहित कई दिग्गज पहुंचे
भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल के बेटे प्रबल सिंह पटेल का विवाह गुरुवार को आंध्रप्रदेश के प्रसिद्ध तिरुपति बालाजी मंदिर में बेहद सादगीपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। राजनीतिक रसूख और वीआईपी मौजूदगी के बावजूद विवाह समारोह को पारंपरिक और सीमित रखा गया।
विवाह में मुख्यमंत्री मोहन यादव विशेष रूप से तिरुपति पहुंचे और नवदंपती को आशीर्वाद दिया। समारोह में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, सांसद आलोक शर्मा और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडे सहित चुनिंदा नेता और परिजन शामिल हुए।
समारोह का सबसे चर्चित पल तब आया, जब मंत्री कैलाश विजयवर्गीय दक्षिण भारतीय पारंपरिक वेशभूषा लुंगी-कुर्ते में नजर आए। उन्होंने शिवराज सिंह चौहान और प्रहलाद पटेल के साथ पारंपरिक अंदाज में लुंगी डांस कर माहौल को हल्का और उत्साहपूर्ण बना दिया। नेताओं का यह अंदाज सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना रहा।
इससे पहले 23 अप्रैल को भोपाल स्थित प्रोफेसर कॉलोनी में प्रबल सिंह पटेल और नरसिंहपुर निवासी हिमांशी दुबे की सगाई हुई थी। उस समारोह में भी मुख्यमंत्री मोहन यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर समेत कई मंत्री और वरिष्ठ नेता शामिल हुए

