वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मिडटर्म चुनाव में मिले राजनीतिक झटके के बाद अपने प्रशासन में बड़ा फेरबदल किया है। ट्रंप ने अपने सबसे करीबी और भरोसेमंद सलाहकार स्टीफन मिलर को व्हाइट हाउस का नया चीफ ऑफ स्टाफ नियुक्त किया है। मिलर अब मौजूदा चीफ ऑफ स्टाफ सूसी वाइल्स की जगह जिम्मेदारी संभालेंगे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह बदलाव ऐसे समय हुआ है जब मिडटर्म चुनाव में डेमोक्रेट्स की सफलता के बाद ट्रंप प्रशासन पर राजनीतिक दबाव लगातार बढ़ रहा है।
कौन हैं स्टीफन मिलर?
स्टीफन मिलर ट्रंप के सबसे करीबी राजनीतिक रणनीतिकारों में गिने जाते हैं। वह इमिग्रेशन और सीमा सुरक्षा जैसे मुद्दों पर ट्रंप प्रशासन की सख्त नीतियों को तैयार करने में अहम भूमिका निभाते रहे हैं। अमेरिका की कड़ी इमिग्रेशन नीति के पीछे मिलर को ही मास्टरमाइंड माना जाता है। ट्रंप के पहले कार्यकाल से ही वह उनकी कोर टीम का हिस्सा रहे हैं।
सूसी वाइल्स की जगह लेंगे मिलर
सूसी वाइल्स ने ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में चीफ ऑफ स्टाफ की जिम्मेदारी संभाली थी। वह इस पद पर पहुंचने वाली पहली महिला थीं। अब उनके स्थान पर मिलर की नियुक्ति को व्हाइट हाउस की कार्यशैली और रणनीति में बड़े बदलाव के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
यह भी पढ़ें: शरद पवार अस्पताल से डिस्चार्ज, ब्रोंकाइटिस और सीने के संक्रमण से थे परेशान; घर पर जारी रहेगा इलाज
मिडटर्म के बाद बढ़ी हलचल
अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में डेमोक्रेट्स की सफलता ने राष्ट्रपति ट्रंप के सामने नई राजनीतिक चुनौतियां खड़ी कर दी हैं। चुनाव नतीजों के बाद प्रशासन में फेरबदल और आगामी नीतियों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि स्टीफन मिलर की नियुक्ति के बाद व्हाइट हाउस की इमिग्रेशन नीति, घरेलू राजनीति और प्रशासनिक रणनीति में कितना बड़ा बदलाव देखने को मिलता है।

