चेन्नई। तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा मोड़ आता दिख रहा है। जहां अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी TVK अब सरकार गठन के बेहद करीब पहुंच गई है। कांग्रेस के बाद अब CPI, CPM और VCK जैसी पार्टियों ने भी विजय को समर्थन देने का संकेत दिया है। इसके साथ ही राज्य में नई राजनीतिक समीकरण तेजी से बनते नजर आ रहे हैं।
118 का आंकड़ा पूरा
जानकारी अनुसार, विधानसभा चुनाव में TVK सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी, लेकिन बहुमत से कुछ सीटें दूर रह गई थी। अब सहयोगी दलों के समर्थन के बाद समीकरण बदल गया है।
- TVK – 107 सीट
- कांग्रेस – 5 सीट
- CPI – 2 सीट
- CPM – 2 सीट
- VCK – 2 सीट
कुल मिलाकर विजय के समर्थन में अब 118 विधायक खड़े दिखाई दे रहे हैं, जो बहुमत के लिए जरूरी आंकड़ा है।
राज्यपाल से फिर मुलाकात करेंगे विजय
सूत्रों के अनुसार, TVK चीफ विजय आज शाम तमिलनाडु के राज्यपाल R. N. Ravi से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश कर सकते हैं। यह उनकी इस सप्ताह तीसरी अहम मुलाकात होगी। माना जा रहा है कि वे सहयोगी दलों के समर्थन पत्र भी सौंप सकते हैं।
वामपंथी दलों ने बदला राजनीतिक माहौल
बता दें मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी और CPI ने विजय को समर्थन देकर तमिलनाडु की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। CPM नेताओं का कहना है कि राज्य को नई धर्मनिरपेक्ष सरकार की जरूरत है और TVK को मौका मिलना चाहिए।
VCK भी सरकार में हो सकती है शामिल
राजनीतिक सूत्रों की मानें तो VCK केवल बाहर से समर्थन नहीं देगी, बल्कि सरकार में शामिल भी हो सकती है। पार्टी अध्यक्ष थोल.थिरुमावलवन लगातार वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर रहे हैं और जल्द औपचारिक घोषणा की संभावना है।
विजय के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती
वहीं सरकार गठन की तैयारी के बीच विजय के सामने अब प्रशासनिक अनुभव, गठबंधन संतुलन और स्थिर सरकार देने की चुनौती होगी। फिल्मी लोकप्रियता को राजनीतिक नेतृत्व में बदलना उनके लिए अगली बड़ी परीक्षा माना जा रहा है।
अगर विजय सरकार बनाने में सफल होते हैं, तो यह तमिलनाडु की राजनीति में दशकों बाद सबसे बड़ा बदलाव माना जाएगा। द्रविड़ राजनीति के बीच एक नए चेहरे का उभरना राज्य के राजनीतिक इतिहास में बड़ा मोड़ साबित हो सकता है।

