कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव तय हो गया है। बीजेपी विधायक दल की बैठक में सुवेंदु अधिकारी को सर्वसम्मति से नेता चुना गया, जिसके बाद उनके मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विधायक दल की बैठक के बाद उनके नाम का औपचारिक ऐलान किया।
कल सुबह लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ
सूत्रों के मुताबिक, सुवेंदु अधिकारी शुक्रवार सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में बीजेपी और एनडीए के कई बड़े नेता शामिल हो सकते हैं। इसके साथ ही पश्चिम बंगाल में पहली बार बीजेपी की पूर्ण बहुमत सरकार बनने जा रही है।
सुवेंदु अधिकारी बने ‘बंगाल के स्ट्रॉन्गमैन’
सुवेंदु अधिकारी ने बंगाल चुनाव में बीजेपी की रणनीति को जमीनी स्तर पर मजबूत किया। उन्होंने 2021 में नंदीग्राम सीट पर ममता बनर्जी को हराकर राष्ट्रीय राजनीति में बड़ी पहचान बनाई थी। इस बार भी उन्होंने भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी को मात देकर अपनी राजनीतिक पकड़ साबित की।
TMC से BJP तक का राजनीतिक सफर
बता दें सुवेंदु अधिकारी कभी तृणमूल कांग्रेस के सबसे प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते थे। उन्होंने ममता बनर्जी के साथ पार्टी संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई थी, लेकिन बाद में उन्होंने बीजेपी का दामन थाम लिया। बीजेपी में आने के बाद वे बंगाल में पार्टी का सबसे बड़ा चेहरा बनकर उभरे।
विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति
वहीं बैठक में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने सुवेंदु अधिकारी के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सभी विधायकों का समर्थन मिला। अमित शाह ने कहा कि विधायक दल की ओर से किसी दूसरे नाम का प्रस्ताव नहीं आया, इसलिए सुवेंदु अधिकारी को सर्वसम्मति से नेता चुना गया।

