गुरूग्राम। टीम इंडिया के पूर्व स्टार ओपनर शिखर धवन एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही कुछ तस्वीरों और वीडियो में धवन एक महिला के साथ गुरुग्राम के मैरिज रजिस्ट्रेशन ऑफिस में दिखाई दिए। तस्वीरों में दोनों दस्तावेजों पर साइन करते नजर आए, जिसके बाद इंटरनेट पर “तीसरी शादी” की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया।
क्या है वायरल वीडियो का असली सच?
दरअसल, वायरल हो रही तस्वीरें किसी नई शादी की नहीं, बल्कि शिखर धवन और उनकी पत्नी सोफी साइन की कोर्ट मैरिज रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया की हैं। दोनों कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए रजिस्ट्रार ऑफिस पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि करीब 25 मिनट में पूरी प्रक्रिया पूरी हो गई।
दो महीने पहले हुई थी शादी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शिखर धवन और आयरलैंड की रहने वाली सोफी साइन ने इसी साल फरवरी में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शादी की थी। इससे पहले जनवरी में दोनों की सगाई हुई थी। शादी समारोह में करीबी दोस्त और क्रिकेटर युजवेंद्र चहल भी शामिल हुए थे।
कौन हैं सोफी साइन?
सोफी साइन आयरलैंड से हैं और फाइनेंशियल सेक्टर में कार्यरत हैं। उन्होंने मार्केटिंग और मैनेजमेंट की पढ़ाई की है और वर्तमान में एक इंटरनेशनल फाइनेंशियल कंपनी में वरिष्ठ पद पर काम कर रही हैं। सोशल मीडिया पर भी उनकी अच्छी फैन फॉलोइंग है। बताया जाता है कि शिखर और सोफी की मुलाकात दुबई में हुई थी, जिसके बाद दोनों करीब आए।
पहले भी सुर्खियों में रही पर्सनल लाइफ
यह शिखर धवन की दूसरी शादी है। इससे पहले उनकी शादी आयशा मुखर्जी से हुई थी, लेकिन साल 2023 में दोनों का तलाक हो गया था। उनका एक बेटा जोरावर भी है। ऐसे में वायरल तस्वीरों को लेकर फैली “तीसरी शादी” की खबरें पूरी तरह भ्रामक साबित हुई हैं।
फैंस बोले- ‘गब्बर’ फिर चर्चा में
वहीं सोशल मीडिया पर फैंस इस खबर को लेकर लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कुछ लोग धवन को नई शुरुआत के लिए बधाई दे रहे हैं, तो कुछ वायरल अफवाहों पर सवाल उठा रहे हैं। फिलहाल कोर्ट मैरिज की तस्वीरें इंटरनेट पर तेजी से ट्रेंड कर रही हैं।

