पीएससी ने जारी किए चयन परिणाम
भोपाल। मप्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) ने लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत चिकित्सा अधिकारी पदों पर भर्ती परीक्षा का परिणाम शुक्रवार को जारी कर दिया। आयोग ने कुल 1649 पदों के लिए मुख्य भाग (87 प्रतिशत) की चयन सूची घोषित की है।
आयोग द्वारा जारी सूचना के अनुसार चिकित्सा अधिकारी के कुल 1832 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया संचालित की गई थी। इनमें अनारक्षित, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के पद शामिल हैं।आयोग ने बताया कि पात्र अभ्यर्थियों के साक्षात्कार 27 जनवरी 2026 से 10 अप्रैल 2026 तक आयोजित किए गए थे। इसके बाद प्राप्त अंकों की मेरिट के आधार पर मुख्य चयन सूची तैयार की गई। जारी पद विवरण के अनुसार चयन सूची में विभिन्न वर्गों के साथ महिलाओं के लिए आरक्षित पद भी शामिल किए गए हैं। आयोग ने श्रेणीवार चयन सूची जारी करते हुए अभ्यर्थियों को वेबसाइट पर परिणाम देखने की सलाह दी है।
13 फीसदी पदों के लिए बाद में आएगा परिणाम
आयोग ने स्पष्ट किया है कि शासन के निर्देशों के तहत फिलहाल 87 प्रतिशत पदों का परिणाम घोषित किया गया है, जबकि शेष 13 प्रतिशत पदों की चयन प्रक्रिया अलग से पूरी की जाएगी। इन पदों का परिणाम बाद में जारी होगा।
विशेषज्ञ और दिव्यांग वर्ग के पद भी शामिल
भर्ती में कुछ पद विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए भी आरक्षित रखे गए हैं। आयोग के अनुसार चयन पूरी तरह मेरिट एवं आरक्षण नियमों के आधार पर किया गया है।

