मैसूर। रणवीर सिंह मंगलवार सुबह चामुंडेश्वरी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विशेष पूजा-अर्चना कर देवी चामुंडेश्वरी के दर्शन किए। यह दौरा ऐसे समय में हुआ है, जब अभिनेता एक तरफ ‘कांतारा’ मिमिक्री विवाद को लेकर कानूनी चर्चाओं में हैं, वहीं दूसरी ओर फिल्म ‘डॉन 3’ विवाद के बाद फिल्म इंडस्ट्री में भी दबाव झेल रहे हैं।
हाई कोर्ट के आदेश के बाद मंदिर पहुंचे रणवीर
जानकारी के मुताबिक, कर्नाटक हाई कोर्ट ने अप्रैल 2026 में रणवीर सिंह को चार सप्ताह के भीतर चामुंडेश्वरी मंदिर जाकर दर्शन करने का निर्देश दिया था। यह आदेश ‘कांतारा’ फिल्म के चर्चित ‘दैवा’ सीन की मिमिक्री से जुड़े मामले में सुनवाई के दौरान आया था। रणवीर ने कोर्ट में बिना शर्त माफी मांगते हुए कहा था कि उनका उद्देश्य किसी समुदाय या परंपरा का अपमान करना नहीं, बल्कि ऋषभ शेट्टी की शानदार परफॉर्मेंस की सराहना करना था।
बिना वीआईपी ट्रीटमेंट के पहुंचे मंदिर
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार रणवीर सिंह ने मंदिर में किसी भी तरह की वीआईपी सुविधा नहीं ली। वे आम श्रद्धालुओं की तरह लाइन में खड़े होकर दर्शन करने पहुंचे। मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश से पहले उन्होंने अपना फेस मास्क हटाया और शांत माहौल में पूजा-अर्चना की। बताया जा रहा है कि वे बिना किसी विशेष पूजा सामग्री के पहुंचे और देवी के सामने कुछ समय ध्यान लगाकर प्रार्थना की।
कैसे शुरू हुआ था ‘कांतारा’ विवाद?
बता दें पूरा मामला नवंबर 2025 में International Film Festival of India के समापन समारोह से जुड़ा है। कार्यक्रम के दौरान रणवीर सिंह ने फिल्म कांतारा के लोकप्रिय ‘दैवा’ सीन की मिमिक्री की थी। इस एक्ट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद कन्नड़ समुदाय के कई संगठनों ने नाराजगी जताई। आरोप लगाया गया कि धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा को मनोरंजन का हिस्सा बनाकर पेश किया गया। इसके बाद रणवीर के खिलाफ कर्नाटक में एफआईआर दर्ज की गई थी।
कोर्ट में माफी, सोशल मीडिया पर सफाई
फरवरी 2026 में रणवीर सिंह ने राहत के लिए कर्नाटक हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। कोर्ट ने शुरुआती सुनवाई में उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई पर रोक लगा दी थी। बाद में रणवीर ने संशोधित हलफनामा दायर कर कहा कि वे भारतीय संस्कृति और लोक परंपराओं का सम्मान करते हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर भी लिखा कि उनका इरादा किसी की भावनाएं आहत करना नहीं था।
क्यों खास है चामुंडेश्वरी मंदिर?
मैसूर स्थित चामुंडेश्वरी मंदिर दक्षिण भारत के सबसे प्रसिद्ध शक्तिपीठों में गिना जाता है। यह मंदिर चामुंडी हिल्स पर स्थित है और यहां हर साल लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। स्थानीय मान्यता के अनुसार मां चामुंडेश्वरी का बुलावा आने पर ही भक्त उनके दरबार तक पहुंच पाते हैं। यही वजह है कि इस मंदिर को आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा का बड़ा केंद्र माना जाता है।
‘डॉन 3’ विवाद के बाद बढ़ीं मुश्किलें
रणवीर सिंह का यह मंदिर दौरा ऐसे वक्त हुआ है जब एक दिन पहले ही FWICE ने उनके खिलाफ नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव जारी किया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिनेता पर फिल्म Don 3 से आखिरी समय में अलग होने का आरोप है, जिससे मेकर्स को भारी आर्थिक नुकसान हुआ। इंडस्ट्री में इस फैसले को लेकर चर्चा तेज है। अब रणवीर का मंदिर पहुंचना सोशल मीडिया पर भी चर्चा का बड़ा विषय बना हुआ है। कई लोग इसे आध्यात्मिक शांति और विवादों के बीच सकारात्मक संदेश के रूप में देख रहे हैं।

