Saturday, November 7, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsदवाइयों के साइड इफेक्ट से गंजे हुए Yo Yo Honey Singh, बोले-...

दवाइयों के साइड इफेक्ट से गंजे हुए Yo Yo Honey Singh, बोले- ‘अब विग लगाता हूं’

मुंबई। भारतीय म्यूजिक इंडस्ट्री के चर्चित रैपर और सिंगर हनी सिंह ने अपनी जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर को लेकर बड़ा खुलासा किया है। एक पॉडकास्ट इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि बाइपोलर डिसऑर्डर, एंग्जायटी और ड्रग एडिक्शन से जूझते हुए उनकी हालत इतनी खराब हो गई थी कि वे सात साल तक घर में बंद रहे। इस दौरान भारी दवाइयों के साइड इफेक्ट की वजह से उनके सारे बाल झड़ गए और अब वे विग का इस्तेमाल करते हैं।

दवाओं ने बदल दी बॉडी

दिल्ली में जन्मे 43 वर्षीय हृदेश सिंह उर्फ हनी सिंह ने बताया कि लगातार चल रही स्ट्रॉन्ग मेडिकेशन के कारण उनका वजन 105 किलो तक पहुंच गया था। उन्होंने कहा कि इलाज के दौरान शरीर पूरी तरह बदल गया था और धीरे-धीरे सिर के सारे बाल भी गिर गए।

सिंगर ने साफ तौर पर स्वीकार किया कि अब वे स्क्रीन और पब्लिक अपीयरेंस में विग पहनते हैं। उन्होंने कहा कि ड्रग्स छोड़ने के बाद भी मानसिक बीमारी से बाहर निकलना बेहद कठिन था और रिकवरी में कई साल लग गए।

मुझे लगता था मैं मर चुका हूं

वहीं हनी सिंह ने 2018-19 के दौर को याद करते हुए कहा कि वे लगातार डर और भ्रम में जी रहे थे। उन्हें हर समय लगता था कि वे मर चुके हैं और किसी दूसरी दुनिया में फंसे हुए हैं। यहां तक कि जब उनकी मां उन्हें खाना देती थीं, तो उन्हें लगता था कि यह उनका आखिरी भोजन है।

उन्होंने बताया कि वे सालों तक एक ही दवा लेते रहे लेकिन हालत में कोई सुधार नहीं आया। बाद में डॉक्टर बदलने और नई ट्रीटमेंट शुरू होने के बाद उनकी मानसिक स्थिति धीरे-धीरे बेहतर हुई।

शाह रुख खान के टूर के दौरान आया पहला पैनिक अटैक

साथ ही सिंगर ने खुलासा किया कि बीमारी की शुरुआत उस वक्त हुई जब वे अपने करियर के पीक पर थे। वे शाह रुख खान के साथ अमेरिका टूर पर थे और उसी दौरान उन्हें पहला गंभीर पैनिक अटैक आया।

उन्होंने बताया कि शिकागो में उन्हें अचानक मौत का डर सताने लगा। हालत इतनी खराब हो गई थी कि उन्होंने अपना आधा सिर मुंडवा लिया था। इसके बाद भी वे स्टेज पर पहुंचे, लेकिन केवल दो गाने गाकर शो बीच में छोड़ना पड़ा।

हनी सिंह ने कहा कि वे इतने डर और मानसिक तनाव में थे कि करीब तीन साल तक अपने बेडरूम से बाहर नहीं निकले। उन्होंने दोस्तों से मिलना बंद कर दिया था, फोन उठाना छोड़ दिया और टीवी-इंटरनेट से भी दूरी बना ली थी। उन्होंने बताया कि डर का आलम ऐसा था कि वे नहाते समय भी बाथरूम का दरवाजा खुला रखते थे। वे नहीं चाहते थे कि फैंस उन्हें उस हालत में देखें।

अब फिर म्यूजिक इंडस्ट्री में कर चुके हैं दमदार वापसी

कई सालों की लड़ाई के बाद अब हनी सिंह पूरी तरह रिकवरी की ओर बढ़ चुके हैं। उनकी नेटफ्लिक्स डॉक्यूमेंट्री Yo Yo Honey Singh: Famous में भी उन्होंने अपने संघर्ष की कहानी साझा की थी।

अब वे ‘मखना’, ‘मिलेनियर’ और नए म्यूजिक प्रोजेक्ट्स के जरिए एक बार फिर इंडस्ट्री और फैंस के बीच अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा रहे हैं। उनका कहना है कि मानसिक बीमारी को छिपाने के बजाय खुलकर बात करना जरूरी है, ताकि दूसरे लोग भी मदद लेने से डरें नहीं।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

1 to 7 November 2026
25 to 31 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन