भोपाल। मप्र कैडर के चार वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को केंद्र सरकार ने आईजी और समकक्ष पदों के लिए इम्पैनल करने का फैसला लिया है। चयनित अधिकारियों में कुमार सौरभ, ललित शाक्यवार, ए शियास और ए जयदेवन शामिल हैं। जल्द ही इन अधिकारियों को केंद्र सरकार के विभिन्न सुरक्षा और अर्धसैनिक बलों में आईजी या समकक्ष जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय के प्रस्ताव पर अपॉइंटमेंट कमेटी ऑफ कैबिनेट ने देशभर के 68 आईपीएस अधिकारियों को अलग-अलग श्रेणियों में आईजी और समकक्ष पदों के लिए चयनित किया है। वहीं 55 आईपीएस अधिकारियों की सूची को मंजूरी नहीं दी गई है।
19 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके अधिकारी होते हैं पात्र
जानकारी के मुताबिक, वर्ष 2008 बैच के आईपीएस अधिकारी और वर्तमान में बालाघाट आईजी के रूप में पदस्थ ललित शाक्यवार को ‘इनिशियल’ कैटेगरी में चुना गया है। इसी श्रेणी में 2008 बैच के ही आईपीएस अधिकारी ए शियास और ए जयदेवन के नामों को भी मंजूरी मिली है। वहीं 2007 बैच के आईपीएस अधिकारी कुमार सौरभ का चयन ‘फस्र्ट रिव्यू’ श्रेणी में किया गया है।
दरअसल केंद्र सरकार में ‘इनिशियल’ और ‘इनिशियल लेफ्टओवर’ वे श्रेणियां होती हैं, जिनके तहत वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों की सेवा और कार्यप्रणाली की समीक्षा कर उन्हें केंद्र में आईजी या समकक्ष पदों के लिए पैनल में शामिल किया जाता है। आमतौर पर 19 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके आईपीएस अधिकारी इस पद के लिए पात्र माने जाते हैं। वहीं ‘फस्र्ट रिव्यू’ प्रक्रिया उन अधिकारियों के लिए होती है, जो प्रारंभिक चयन सूची में शामिल नहीं हो पाते। बाद में केंद्र सरकार उनकी कार्यकुशलता और सेवा रिकॉर्ड की समीक्षा कर दोबारा चयन पर फैसला लेती है। अब चयनित अधिकारियों को जल्द ही सीआरपीएफ, बीएसएफ, सीआईएसएफ सहित अन्य केंद्रीय एजेंसियों में जिम्मेदारी मिल सकती है।

