अहमदाबाद। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की टीम रविवार 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के फाइनल में गुजरात टाइटंस (GT) से भिड़ेगी। आरसीबी ने क्वालिफायर-1 में गुजरात टाइटंस को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।
वहीं, गुजरात टाइटंस ने क्वालिफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स को हराकर आईपीएल 2026 के फाइनल में एंट्री की। दोनों ही टीमे अपने दूसरे आईपीएल ट्रॉफी को जिताने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
दोनों टीमों की तैयारियां
RCB ने क्वालिफायर-1 में GT को करारी शिकस्त दी थी, जबकि GT ने क्वालिफायर-2 में शानदार वापसी की। फाइनल में विराट कोहली, राजत पाटीदार (RCB) और शुभमन गिल समेत दोनों टीमों के स्टार खिलाड़ी अपनी पूरी ताकत झोंकेंगे। बता दें 7 बजे टॉस के बाद मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होगा।
नरेंद्र मोदी स्टेडियम पिच रिपोर्ट
नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच आमतौर पर बैटिंग फ्रेंडली मानी जाती है। रेड सॉइल वाली पिच पर सच्ची उछाल मिलती है, जिससे बल्लेबाजों को शॉट खेलने में आसानी होती है। फाइनल के लिए मिक्स्ड सॉइल (रेड और ब्लैक) वाली पिच तैयार की गई है, जो बैटिंग और बॉलिंग के बीच संतुलन बनाए रखती है। पिछले मैचों के आंकड़ों के अनुसार, यहां पहली पारी का औसत स्कोर 170-180 के आसपास रहता है। कुछ मैचों में 190+ स्कोर भी देखे गए हैं। शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को न्यू बॉल से हल्की मदद मिल सकती है, जबकि मध्य ओवरों में स्पिनरों को टर्न मिलने की संभावना है। पिच मैच आगे बढ़ने के साथ थोड़ी स्लो हो सकती है।

