भोपाल। मजबूत इरादे और सही अवसर किसी भी व्यक्ति की जिंदगी बदल सकते हैं। भोपाल के आशिमा मॉल क्षेत्र निवासी नीरज चौहान ने इस बात को सच साबित कर दिखाया है। एक साधारण किसान परिवार से आने वाले नीरज ने आर्थिक चुनौतियों को पीछे छोड़ते हुए ब्रिटेन की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी ऑफ एडिनबर्ग से उच्च शिक्षा प्राप्त कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।
नीरज के पिता खेती-किसानी के जरिए परिवार का पालन-पोषण करते थे। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने बेटे की शिक्षा में कोई कमी नहीं आने दी। बचपन से ही नीरज का सपना विदेश में पढ़ाई कर उच्च शिक्षा और शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने का था, लेकिन आर्थिक परिस्थितियां उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती थीं।
बीएसएस कॉलेज से बी.कॉम. की पढ़ाई उत्कृष्ट अंकों से पूरी करने के बाद नीरज को यूनिवर्सिटी ऑफ एडिनबर्ग, ब्रिटेन में एलएलएम (ग्लोबल एनवायरनमेंट एंड क्लाइमेट चेंज लॉ) पाठ्यक्रम में प्रवेश मिला। हालांकि विदेश में शिक्षा और रहने का खर्च उनके परिवार की क्षमता से कहीं अधिक था।
इसी दौरान उन्हें मध्यप्रदेश शासन की पिछड़ा वर्ग विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजना की जानकारी मिली। जिला पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के मार्गदर्शन और सहयोग से उन्होंने योजना का लाभ प्राप्त किया। छात्रवृत्ति के तहत उन्हें ट्यूशन फीस, आवास और अन्य शैक्षणिक खर्चों के लिए आर्थिक सहायता मिली। इस सहायता ने न केवल उनके सपनों को नई उड़ान दी, बल्कि उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करने का अवसर भी प्रदान किया। अध्ययन के दौरान नीरज ने कई शोध परियोजनाओं में भाग लिया और वैश्विक मंचों पर अपनी योग्यता का परिचय दिया।
शिक्षा पूर्ण करने के बाद नीरज ने एक प्रतिष्ठित बहुराष्ट्रीय संस्था में अपने करियर की शुरुआत की। आज वे अपने क्षेत्र के विशेषज्ञों में गिने जाते हैं और प्रदेश के युवाओं को उच्च शिक्षा एवं करियर निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं। नीरज का कहना है कि यदि उन्हें मध्यप्रदेश शासन की विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजना का सहयोग नहीं मिलता, तो विदेश में पढ़ाई का उनका सपना अधूरा रह जाता। उनके अनुसार यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए उम्मीद की नई किरण है।
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश शासन की पिछड़ा वर्ग विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजना वर्ष 2007 से संचालित है। इसका उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों को विदेशों में उच्च शिक्षा और शोध के अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे वैश्विक स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकें।

