Thursday, November 12, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsजबलपुर मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर पर छेड़छाड़ का आरोप, महिला क्लर्क की...

जबलपुर मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर पर छेड़छाड़ का आरोप, महिला क्लर्क की शिकायत पर FIR दर्ज

जबलपुर: मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज से महिला कर्मचारी के साथ कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। यहां पदस्थ एक डॉक्टर पर महिला क्लर्क ने पीछा करने, परेशान करने और मोबाइल पर अश्लील मैसेज भेजने के आरोप लगाए हैं। महिला की शिकायत पर पुलिस ने डॉक्टर के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

महिला क्लर्क ने लगाए गंभीर आरोप

दरअसल, मामला मेडिकल कॉलेज में पदस्थ डॉक्टर अजय सिंह ठाकुर से जुड़ा है। महिला क्लर्क का आरोप है कि डॉक्टर पिछले करीब एक साल से उसे परेशान कर रहा था। ऑफिस आने-जाने के दौरान उसका पीछा किया जाता था और कई बार डॉक्टर उसके केबिन में घंटों बैठा रहता था।

महिला के मुताबिक, उसने कई बार इस व्यवहार का विरोध किया, लेकिन इसके बावजूद डॉक्टर मोबाइल पर चैटिंग के जरिए आपत्तिजनक बातें लिखता रहा। लगातार हो रही इन घटनाओं से परेशान होकर महिला ने मंगलवार रात लार्डगंज थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही

पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता यानी BNS की छेड़छाड़ से संबंधित धाराओं में FIR दर्ज की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

भाई से विवाद के बाद डॉक्टर ने भी दर्ज कराई FIR

इस मामले में एक और घटनाक्रम सामने आया है। महिला के भाई ने जब डॉक्टर को समझाने की कोशिश की तो दोनों के बीच विवाद हो गया। डॉक्टर ने रविवार को लार्डगंज थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। उसका आरोप था कि उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। इस शिकायत पर पुलिस ने महिला के भाई के खिलाफ भी FIR दर्ज की है। इसके बाद मंगलवार को महिला ने डॉक्टर के खिलाफ अपनी शिकायत दर्ज कराई।

ये भी पढ़ें: स्वच्छता सर्वेक्षण से भोपाल बाहर, MP के 4 शहरों को अवॉर्ड; देपालपुर की जोड़ी से इंदौर को बढ़त

आरोपी डॉक्टर की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित

सीएसपी अखिलेश गौर के मुताबिक, महिला की शिकायत और उपलब्ध कराए गए डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी डॉक्टर की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। पुलिस के मुताबिक, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।

घटना सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज में कार्यरत महिला कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। कर्मचारियों ने आरोपी डॉक्टर के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की मांग की है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन