नैनपुर। पुलिस थाना नैनपुर, जिला मंडला के अपराध क्रमांक 106/2023 अंतर्गत धारा 294, 323, 506 एवं 34 भारतीय दंड संहिता के प्रकरण में न्यायालय ने अभियुक्त निरोत्तम नाग, उषा नाग एवं वचनलाल नाग को दोषी पाते हुए न्यायालय उठने तक की सजा सुनाई है।
क्या था मामला ?
बता दें अभियुक्तगण निरोत्तम नाग, उषा नाग एवं वचनलाल नाग पर भारतीय दंड संहिता, 1860 की धारा 294, 323 विकल्प में 323/34 एवं 506 (भाग-2) के अंतर्गत आरोप था कि उन्होंने दिनांक 24 फरवरी 2023 को दोपहर लगभग 2 बजे आरक्षी केन्द्र नैनपुर अंतर्गत जग्गू सिसोदिया के घर के सामने स्थित आंगन, वार्ड क्रमांक 14 छोटी खैरमाई टोला नैनपुर में प्रार्थी गोपाल नाग के साथ अश्लील गाली-गलौज की, मारपीट कर चोट पहुंचाई तथा जान से मारने की धमकी दी।
अभियोजन के अनुसार, थाना नैनपुर में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक यशवंत राहंगडाले को अस्पताल से मेमो क्रमांक 32/2023 दिनांक 24.02.2023 प्राप्त हुआ। जांच के दौरान आहत गोपाल नाग एवं गवाह राजेश सिसोदिया के कथन दर्ज किए गए।
मामले को लेकर प्रार्थी गोपाल नाग ने बताया कि 24 फरवरी 2023 को वह जग्गू सिसोदिया के घर पंचनामा में हस्ताक्षर करने गया था। पंचनामा की कार्रवाई समाप्त होने के बाद वह वहीं बैठा था, तभी निरोत्तम नाग लोहे की रॉड लेकर आया और गाली-गलौज करते हुए उसके बाएं हाथ की कोहनी पर वार कर दिया।
इसके बाद उषा नाग भी मौके पर पहुंची और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। वहीं वचनलाल नाग ने लकड़ी की कुबड़ी से गला खींचकर चोट पहुंचाई। आरोप है कि जाते समय तीनों आरोपियों ने दोबारा उनके बारे में बात करने पर जान से खत्म करने की धमकी भी दी।

न्यायालय ने सुनाया फैसला
प्रकरण में प्रस्तुत साक्ष्यों एवं गवाहों के बयानों पर विचार करने के बाद न्यायालय ने अभियुक्त निरोत्तम नाग, उषा नाग एवं वचनलाल नाग को दोषी माना और उन्हें न्यायालय उठने तक की सजा से दंडित किया।

