Tuesday, November 10, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsसफलता की कहानी: मेहनत और नवाचारों ने बदली दो किसान भाइयों की...

सफलता की कहानी: मेहनत और नवाचारों ने बदली दो किसान भाइयों की तकदीर

भोपाल। कभी महज 10 हजार पौधों के साथ नर्सरी की शुरुआत करने वाले भोपाल जिले के रतुआ रतनपुर गांव के दो किसान भाई आज उद्यमशीलता और आधुनिक खेती की मिसाल बन गए हैं। हेमंत कुशवाह और ओम कुशवाह ने अपनी मेहनत, दूरदर्शिता और नई तकनीकों के दम पर एक ऐसी सफलता की कहानी लिखी है, जो प्रदेश के हजारों किसानों को प्रेरित कर रही है। आज उनकी ‘ओम नर्सरी’ हर महीने करीब 15 लाख पौधों का उत्पादन कर रही है। इतना ही नहीं, उनकी इस पहल से आसपास के 15 से 20 ग्रामीणों को स्थायी रोजगार भी मिल रहा है।

दोनों भाइयों ने वर्ष 2018 में मात्र 2000 वर्गफीट क्षेत्र में पॉलीहाउस नर्सरी से शुरुआत की थी। शुरुआती दौर में पानी की गंभीर समस्या थी, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। खुद का कुआं खुदवाकर सिंचाई की व्यवस्था की और धीरे-धीरे अपने सपनों को आकार दिया। आज उनकी 8 एकड़ कृषि भूमि पूरी तरह सिंचित है। मप्र सरकर के कृषि एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रमों ने उनकी सोच और कार्यशैली को नई दिशा दी।

आधुनिक तकनीकों और वैज्ञानिक खेती की जानकारी हासिल कर उन्होंने अपने व्यवसाय का विस्तार किया। वर्ष 2024 में राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड की एमआईडीएच योजना के तहत 45 लाख रुपये का ऋण लेकर नर्सरी को 2 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया तथा 4 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में दो आधुनिक पॉलीहाउस स्थापित किए।

वर्तमान में उनकी नर्सरी में गुलाब, जरबेरा, गेंदा और नौरंगा जैसे फूलों के साथ-साथ विभिन्न सब्जियों के उच्च गुणवत्ता वाले पौधे तैयार किए जाते हैं। बैंगन, टमाटर, मिर्च, गिलकी, लौकी और खीरा जैसी फसलों के हाईब्रिड पौध मध्यप्रदेश ही नहीं, बल्कि महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली के किसानों तक पहुंच रहे हैं।

हेमंत कुशवाह ने बताया कि किसान सोशल मीडिया और मोबाइल नंबर 7470356555 के माध्यम से सीधे उनसे पौधे खरीद सकते हैं। उनका मानना है कि लगातार सीखते रहना और नई तकनीकों को अपनाना ही खेती में सफलता का सबसे बड़ा मंत्र है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की योजनाओं का लाभ मिलने पर आभार व्यक्त करते हुए दोनों किसान भाई कहते हैं कि यदि किसान मेहनत के साथ सरकारी प्रशिक्षण और योजनाओं का लाभ उठाए, तो खेती आज भी सबसे लाभकारी व्यवसाय बन सकती है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन