Thursday, June 18, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Homeमध्य प्रदेशमध्यप्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 29 IAS अधिकारियों के तबादले, भोपाल-रीवा को...

मध्यप्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 29 IAS अधिकारियों के तबादले, भोपाल-रीवा को मिले नए कमिश्नर

भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए 29 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) द्वारा जारी आदेश में कई वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। इस फेरबदल में भोपाल और रीवा संभाग को नए कमिश्नर मिले हैं, जबकि मुख्यमंत्री सचिवालय में भी महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। मुख्यमंत्री के सचिव आलोक कुमार सिंह को हटाकर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं जबलपुर नगर निगम के अपर आयुक्त अरविंद कुमार शाह का भी तबादला कर दिया गया है।

भोपाल और रीवा संभाग में नए कमिश्नर नियुक्त

राज्य सरकार ने भोपाल संभाग के कमिश्नर संजीव सिंह को हटाकर खेल एवं युवा कल्याण विभाग का सचिव बनाया है। उनकी जगह कर्मवीर शर्मा को भोपाल का नया संभागायुक्त नियुक्त किया गया है।

इसी तरह रीवा संभाग के कमिश्नर बाबू सिंह जामोद को नगरीय विकास एवं आवास विभाग का सचिव बनाया गया है। उनके स्थान पर शैलेंद्र सिंह को रीवा संभाग का नया कमिश्नर नियुक्त किया गया है।

मुख्यमंत्री सचिवालय में बदलाव, आलोक कुमार सिंह हटाए गए

मुख्यमंत्री सचिवालय में सचिव पद पर कार्यरत आलोक कुमार सिंह को हटाकर पंजीयन महानिरीक्षक एवं अधीक्षक मुद्रांक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासनिक हलकों में इस बदलाव को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं अमित तोमर को ऊर्जा विकास निगम का प्रबंध संचालक बनाया गया है।

विवेक पोरवाल को फिर नई जिम्मेदारी

प्रमुख सचिव स्तर के अधिकारी विवेक कुमार पोरवाल का एक बार फिर विभाग बदल दिया गया है। वे अब तक राजस्व विभाग के प्रमुख सचिव थे, लेकिन सरकार ने उन्हें खनिज साधन विभाग का प्रमुख सचिव नियुक्त किया है। इससे पहले वे मुख्यमंत्री सचिवालय, स्वास्थ्य विभाग और राजस्व विभाग में भी अहम जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं।

खनिज साधन विभाग सीधे मुख्यमंत्री के अधीन होने के कारण इसे सरकार की महत्वपूर्ण पोस्टिंग माना जा रहा है। पोरवाल का नाम पूर्व में कई प्रशासनिक और राजनीतिक चर्चाओं में भी रहा है।

इन वरिष्ठ अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी

सरकार ने कई प्रमुख विभागों में भी बदलाव किए हैं। मुकेश चंद्र गुप्ता को जेल विभाग का प्रमुख सचिव, डॉ. ई. रमेश कुमार को राजस्व विभाग का प्रमुख सचिव तथा बाबू सिंह जामोद को नगरीय विकास एवं आवास विभाग का सचिव बनाया गया है।

इसके अलावा दीपक सिंह को सहकारी संस्थाओं का आयुक्त-सह-पंजीयक, दिनेश श्रीवास्तव को राज्य निर्वाचन आयोग का सचिव और सौरव कुमार सुमन को उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग का आयुक्त नियुक्त किया गया है।

मंत्री से विवाद के बाद अरविंद शाह का ट्रांसफर

हाल ही में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के साथ विवाद को लेकर चर्चा में आए जबलपुर नगर निगम के अपर आयुक्त अरविंद कुमार शाह का भी तबादला कर दिया गया है। उन्हें अब आयुष्मान भारत योजना, भोपाल में मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की कवायद

राज्य सरकार के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को आगामी विकास परियोजनाओं, राजस्व प्रबंधन, नगरीय विकास और जनकल्याण योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन से जोड़कर देखा जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों की नई तैनाती से प्रशासनिक कार्यों में गति आने की उम्मीद जताई जा रही है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

Bhopal – 14 to 20 june 2026
Bhopal- 31 to 6 June 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन