Wednesday, November 11, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsसिवनी के जम्बो सीताफल को मिला GI टैग, किसानों की आय बढ़ाने...

सिवनी के जम्बो सीताफल को मिला GI टैग, किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में बड़ी उपलब्धि

सिवनी। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के लिए गर्व का क्षण है। जिले के प्रसिद्ध सिवनी जम्बो सीताफल को आखिरकार भौगोलिक संकेतक (GI Tag) मिल गया है। इस उपलब्धि के साथ अब सिवनी का सीताफल देश ही नहीं बल्कि वैश्विक बाजार में भी अपनी अलग पहचान बनाएगा। विशेषज्ञों का मानना है कि GI टैग मिलने से स्थानीय किसानों को उनके उत्पाद का बेहतर मूल्य मिलेगा और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

क्या है सिवनी जम्बो सीताफल की खासियत?

बता दें सिवनी का जम्बो सीताफल अपने बड़े आकार, बेहतरीन गुणवत्ता और प्राकृतिक मिठास के लिए देशभर में मशहूर है। सामान्य तौर पर एक फल का वजन 200 से 650 ग्राम तक होता है, जबकि जिले के भूतबंधानी क्षेत्र में कई सीताफल 800 ग्राम से लेकर 1 किलोग्राम तक वजन के पाए जाते हैं। यही विशिष्टता इसे अन्य क्षेत्रों में उत्पादित सीताफलों से अलग बनाती है।

कई वर्षों की मेहनत के बाद मिली सफलता

उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के प्रयासों से वर्ष 2023 में भूतबंधानी सीताफल क्रॉप प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के माध्यम से GI टैग के लिए आवेदन किया गया था। कलेक्टर सिवनी और उद्यानिकी आयुक्त के मार्गदर्शन में किए गए इस प्रयास को अब सफलता मिली है। जिला उद्यानिकी विभाग के अनुसार GI टैग मिलने से उत्पाद की मौलिक पहचान सुरक्षित रहेगी और कोई अन्य क्षेत्र इस नाम का उपयोग नहीं कर सकेगा।

हजारों किसानों को मिलेगा सीधा लाभ

जानकारी अनुसार, सिवनी जिले में वर्तमान में करीब 695 हेक्टेयर क्षेत्र में सीताफल की खेती की जा रही है, जिससे हर साल लगभग 6090 मीट्रिक टन उत्पादन होता है। GI टैग के बाद किसानों को बेहतर बाजार मूल्य मिलेगा, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मांग बढ़ेगी। नकली या दूसरे क्षेत्रों के उत्पादों पर रोक लगेगी। सीताफल आधारित उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

दिल्ली से मुंबई तक है सिवनी सीताफल की मांग

वही सिवनी का सीताफल पहले से ही दिल्ली, मुंबई, नागपुर, रायपुर, वाराणसी समेत कई बड़े बाजारों में लोकप्रिय है। इसके अलावा सीताफल का उपयोग पल्प तैयार करने में भी किया जाता है, जिससे आइसक्रीम, रबड़ी, बासुंदी, लस्सी, शेक और अन्य मिठाइयां बनाई जाती हैं। इसके पत्तों और छिलकों का उपयोग जैविक खाद और औषधीय उत्पादों के निर्माण में भी किया जाता है।

प्रसंस्करण इकाइयों और FPO को मिलेगा बढ़ावा

जिले में सीताफल उत्पादकों को संगठित करने के लिए दो किसान उत्पादक संगठन (FPO) बनाए गए हैं। साथ ही तीन सीताफल पल्प प्रोसेसिंग यूनिट्स भी स्थापित की गई हैं, जिससे किसानों को मूल्य संवर्धन का लाभ मिल रहा है।

कलेक्टर ने दी किसानों को बधाई

कलेक्टर नेहा मीना और जिला उद्यानिकी अधिकारी डॉ. आशा उपवंशी-वासेवार ने जिले के किसानों, उद्यानिकी विशेषज्ञों और सभी हितधारकों को इस उपलब्धि पर बधाई दी है। प्रशासन का मानना है कि GI टैग सिवनी की कृषि पहचान को नई ऊंचाई देगा और किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।

GI टैग केवल एक प्रमाणपत्र नहीं, बल्कि सिवनी की कृषि परंपरा, किसानों की मेहनत और क्षेत्र की विशिष्ट पहचान का राष्ट्रीय सम्मान है। यह उपलब्धि आने वाले वर्षों में जिले की कृषि अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने का काम करेगी।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन