नई दिल्ली। खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने SAJ Food Products को उसके ‘Eat Fit Digestive Biscuits’ पर किए गए कथित भ्रामक दावों के मामले में कारण बताओ नोटिस जारी किया है। यह कार्रवाई एक उपभोक्ता की शिकायत के आधार पर की गई है। FSSAI ने कंपनी से सात दिनों के भीतर जवाब मांगा है और पूछा है कि उसके खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 (FSS Act, 2006) के तहत कार्रवाई क्यों न की जाए।
शिकायत में क्या कहा गया?
बता दें शिकायतकर्ता का आरोप है कि बिस्कुट के पैकेट के फ्रंट लेबल पर 100% आटा लिखा गया है, जबकि उत्पाद के Ingredients में गेहूं के आटे की मात्रा केवल 72.33% बताई गई है। ऐसे में यह दावा उपभोक्ताओं को गुमराह करने वाला माना गया।
जांच में सामने आईं कई अनियमितताएं
FSSAI की जांच में कई अहम विसंगतियां सामने आईं।
- No Added Sugar का दावा भ्रामक पाया गया, क्योंकि उत्पाद में Maltodextrin और Glucose Syrup Solids जैसी सामग्री मौजूद है।
- 100% आटा का दावा भी सही नहीं पाया गया, क्योंकि उत्पाद में आटे के अलावा अन्य सामग्री और फूड एडिटिव्स का भी इस्तेमाल किया गया है।
- FSSAI ने यह भी कहा कि 100% जैसे दावे उसके पूर्व जारी परामर्श (Advisory) की भावना के अनुरूप नहीं हैं, जिसमें ऐसे दावों से बचने की सलाह दी गई थी।
यह भी पढ़ें-
डंप यार्ड में मशीनें बनी शोपीस, कचरा जलाने से फैल रहा प्रदूषण
‘Digestive’ शब्द के इस्तेमाल पर भी सवाल
साथ ही FSSAI ने उत्पाद के नाम Eat Fit Digestive पर भी आपत्ति जताई है। प्राधिकरण के अनुसार, Food Safety and Standards (Advertising & Claims) Regulations, 2018 के तहत Digestive जैसे दावे तभी किए जा सकते हैं, जब उनके समर्थन में पर्याप्त वैज्ञानिक प्रमाण और वैध आधार उपलब्ध हों।
सात दिन में मांगा जवाब
FSSAI ने कंपनी को सात दिनों के भीतर विस्तृत स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है। यदि कंपनी का जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया, तो उसके खिलाफ FSS Act, 2006 के प्रावधानों के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
यह मामला उपभोक्ताओं को उत्पादों की सही और पारदर्शी जानकारी उपलब्ध कराने तथा भ्रामक दावों और विज्ञापनों पर नियामक सख्ती के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

