पुणे। महाराष्ट्र के चर्चित केतन अग्रवाल मर्डर केस में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। अब शव को खाई से बाहर निकालने वाली रेस्क्यू टीम के सदस्य ने ऐसा दावा किया है, जिसने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है। रेस्क्यू टीम के सदस्य सुनील गायकवाड़ का कहना है कि केतन की मौत सिर्फ गिरने से हुई दुर्घटना जैसी नहीं लग रही थी, क्योंकि उसके सिर पर गंभीर चोटें थीं और खोपड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त थी। दूसरी ओर, पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। सिया गोयल के भाई से करीब 10 घंटे तक पूछताछ की गई। साथ ही उसके माता-पिता से भी लगातार सवाल-जवाब किए जा रहे हैं।
सिर कुचला हुआ था, हाथ-पैरों पर भी थीं कई चोटें
जानकारी के मुताबिक, रेस्क्यू टीम के सदस्य सुनील गायकवाड़ ने बताया कि पुलिस को 18 जून की सुबह करीब 10:30 बजे सूचना मिली थी। इसके बाद बचाव अभियान शुरू हुआ और दोपहर तक केतन के शव को खाई से निकालकर जंगल के रास्ते एंबुलेंस तक पहुंचाया गया। उन्होंने दावा किया कि शव की हालत बेहद गंभीर थी। केतन के सिर पर गहरी चोटें थीं, खोपड़ी क्षतिग्रस्त थी और हाथ-पैरों पर भी कई चोटों के निशान मिले।
सब रो रहे थे… लेकिन सिया बिल्कुल शांत थी
साथ ही सुनील गायकवाड़ ने बताया कि घटना स्थल पर मौजूद लगभग सभी लोग घबराए हुए थे, कई लोग रो रहे थे और मदद के लिए आवाज लगा रहे थे। लेकिन सिया गोयल का व्यवहार सामान्य से अलग दिखाई दिया। वह पूरे समय शांत खड़ी रही, जिसने मौके पर मौजूद लोगों का भी ध्यान खींचा।
भाई से 10 घंटे पूछताछ
बता दें पुणे पुलिस ने शुक्रवार को सिया के भाई साहिल गोयल से करीब 10 घंटे तक पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, साहिल ने बताया कि आरोपी चेतन चौधरी और सिया की दोस्ती एक क्रिकेट मैच के दौरान हुई थी। अब पुलिस ने सिया के माता-पिता को भी पूछताछ के लिए बुलाया है ताकि पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा सकें।
यह भी पढ़ें-
भांजे के प्यार में पड़ी मामी… पति को उतारा मौत के घाट
केतन के पिता बोले- उसी दिन हो गया था शक
वहीं केतन के पिता विशाल अग्रवाल का कहना है कि घटना वाले दिन से ही उन्हें सिया पर शक होने लगा था। उन्होंने बताया कि जब एक महिला पुलिसकर्मी ने कहा कि केतन अभी जिंदा हो सकता है और उसे तुरंत अस्पताल ले जाना चाहिए, तभी सिया के हावभाव अचानक बदल गए थे। परिवार का आरोप है कि सिया ने किसी भी सवाल का स्पष्ट जवाब नहीं दिया और उसका व्यवहार लगातार संदिग्ध बना रहा।
CCTV फुटेज से बढ़ा परिवार का शक
घटना के बाद परिवार ने सोसायटी के CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज में कथित तौर पर सिया सामान्य दिखाई दी और वह रोती हुई भी नजर नहीं आई। इसके बाद परिवार ने पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी और हत्या की आशंका जताई।
डिलीट की गई चैट रिकवर करेगी पुलिस
जांच में सामने आया है कि सिया गोयल और चेतन चौधरी ने वारदात से पहले और बाद की मोबाइल चैट डिलीट कर दी थी। दोनों ने मोबाइल का रीसायकल बिन भी खाली कर दिया था। अब दोनों मोबाइल फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं ताकि डिलीट किया गया डेटा रिकवर किया जा सके।
हत्या की पहले से रची गई थी साजिश
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सिया ने कथित तौर पर बताया कि उसे केतन का विग पहनना और हकलाना पसंद नहीं था, जिसके चलते उसने चेतन के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। हालांकि केतन के परिवार का कहना है कि शादी तय होने से पहले ही सिया और उसके परिवार को केतन के विग के बारे में पूरी जानकारी दे दी गई थी।
फिलहाल सिया गोयल और चेतन चौधरी पुलिस हिरासत में हैं। पुलिस हर डिजिटल और फॉरेंसिक सबूत की जांच कर रही है। आने वाले दिनों में फॉरेंसिक रिपोर्ट और मोबाइल डेटा इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस में कई बड़े खुलासे कर सकते हैं।

