Tuesday, November 10, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsकार में मिले प्रेमी युगल के शव, 2 पन्नों का सुसाइड नोट...

कार में मिले प्रेमी युगल के शव, 2 पन्नों का सुसाइड नोट भी बरामद

अशोकनगर। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया। ईसागढ़ रोड स्थित फुटेरा चक के पास सड़क किनारे खेत में खड़ी एक कार से युवक और युवती के शव बरामद हुए। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे प्रेम प्रसंग से जुड़ा हत्या और आत्महत्या का मामला मान रही है। हालांकि, मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच के लिए पुलिस अधीक्षक ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर दिया है।

क्या है पूरा मामला?

बता दें मृतकों की पहचान ऋतिक सोनी और मुस्कान जैन के रूप में हुई है। शाम करीब 8 बजे से दोनों लापता थे। देर रात करीब 12 बजे मुस्कान के परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर उसकी गुमशुदगी की सूचना दी और ऋतिक सोनी के साथ होने की आशंका जताई। इसके बाद पुलिस ने साइबर सेल की मदद से दोनों के मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस की, जो फुटेरा चक के आसपास मिली। काफी देर तक तलाश करने के बाद रात करीब 1:30 बजे ईसागढ़ टोल नाके से पहले सड़क किनारे खेत में खड़ी कार में दोनों के शव बरामद हुए।

कार से क्या-क्या मिला?

घटनास्थल से पुलिस ने कई अहम सबूत बरामद किए हैं, जिनमें शामिल हैं—

  • एक पिस्टल
  • एक पेपर कटर (रेजर), जिस पर खून के निशान मिले
  • एक कुल्हाड़ी
  • सल्फास की डिब्बी
  • पेट्रोल लाने में इस्तेमाल की गई प्लास्टिक की बोतल
  • दो पन्नों का कथित सुसाइड नोट
  • दोनों के मोबाइल फोन

पुलिस को कार की पिछली सीट पर आग लगाने के भी संकेत मिले हैं। सीट आंशिक रूप से जली हुई पाई गई है।

पुलिस अधीक्षक ने क्या बताया?

पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही वे स्वयं मौके पर पहुंचे। जांच में पाया गया कि कार की ड्राइविंग सीट पर ऋतिक सोनी और बगल की सीट पर मुस्कान जैन मृत अवस्था में थे। प्रारंभिक जांच में ऋतिक के सिर में गोली लगने के निशान मिले हैं, जबकि मुस्कान के सिर और गले पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। घटनास्थल पर खून के निशान भी मिले हैं।

यह भी पढ़ें-

केतन हत्याकांड: ‘हमें कोई अफसोस नहीं’— सिया-चेतन

सुसाइड नोट में क्या लिखा?

पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से दो पन्नों का एक कथित सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसे शुरुआती जांच में ऋतिक सोनी द्वारा लिखा गया माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि नोट में दोनों के प्रेम संबंधों का जिक्र है। साथ ही यह भी लिखा गया है कि विवाद के बाद ऋतिक ने पहले मुस्कान की हत्या की और फिर स्वयं को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। नोट में पिस्टल की व्यवस्था कैसे की गई, इसका भी उल्लेख होने की बात पुलिस ने कही है।

प्रारंभिक जांच में क्या सामने आया?

पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से मिले साक्ष्य प्रथम दृष्टया इस ओर संकेत करते हैं कि पहले युवती की हत्या की गई और उसके बाद युवक ने आत्महत्या की। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच, डिजिटल साक्ष्य और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच पूरी होने के बाद ही अंतिम निष्कर्ष निकाला जाएगा।

वहीं दूसरी ओर, ऋतिक सोनी के परिजनों ने इस मामले में किसी तीसरे व्यक्ति के शामिल होने की आशंका जताई है। उनका कहना है कि पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

SIT करेगी पूरे मामले की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने एसडीओपी के नेतृत्व में 6 सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है।

इस टीम में शामिल हैं—

  • एसडीओपी (टीम प्रभारी)
  • दो थाना प्रभारी (TI)
  • साइबर सेल के दो विशेषज्ञ
  • एक महिला पुलिस अधिकारी

यह टीम फोरेंसिक, डिजिटल और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच करेगी।

मामल के लेकर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ब्लैकमेलिंग, लव ट्रायंगल या अन्य किसी एंगल की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। यदि जांच के दौरान ऐसे तथ्य सामने आते हैं तो उन सभी पहलुओं को भी विवेचना में शामिल किया जाएगा।

पुलिस ने कहा है कि फिलहाल मामला जांच के अधीन है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन