बालाघाट। बारिश के मौसम में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। शहर के मोतीनगर चौक स्थित एक होटल में नाश्ता करने पहुंचे तीन छात्रों की कड़ी में मरी हुई छिपकली का बच्चा मिलने से हड़कंप मच गया। कड़ी खा चुके तीनों छात्र घबरा गए और तत्काल मोटरसाइकिल से जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने संभावित फूड पॉइजनिंग की आशंका को देखते हुए उन्हें भर्ती कर उपचार शुरू किया।
जिला अस्पताल में भर्ती छात्रों में विशेष ठाकरे (19 वर्ष) पिता सुरेंद्र ठाकरे, निवासी ग्राम देवरी थाना तिरोड़ी, दिव्यांशु नाने (19 वर्ष) पिता लीलाधर नाने, निवासी ग्राम कन्नड़गांव थाना तिरोड़ी तथा मौसम बोपचे (21 वर्ष) पिता छतरलाल बोपचे, निवासी ग्राम देवरी थाना तिरोड़ी शामिल हैं। तीनों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है और चिकित्सक उनकी लगातार निगरानी कर रहे हैं।
मोतीनगर में किराये से रहकर कर रहे हैं पढ़ाई
जानकारी के अनुसार, तीनों छात्र बालाघाट के मोतीनगर क्षेत्र में किराये के मकान में रहकर पढ़ाई करते हैं। विशेष ठाकरे सतपुड़ा आईटीआई में अध्ययनरत हैं, जबकि मौसम बोपचे स्वामी विवेकानंद कॉलेज बालाघाट में आईटीआई की पढ़ाई कर रहे हैं। दिव्यांशु नाने भी बालाघाट में रहकर अध्ययन कर रहे हैं।
बताया गया कि 5 जुलाई को उनके कमरे में गैस सिलेंडर समाप्त हो गया था। इसी कारण 6 जुलाई की सुबह करीब 11:30 बजे तीनों छात्र मोतीनगर चौक स्थित एक होटल में नाश्ता करने पहुंचे। उन्होंने समोसे के साथ कड़ी मंगवाई थी। नाश्ता करते समय विशेष ठाकरे की नजर कड़ी की कटोरी में पड़ी, जहां उन्हें मरी हुई छिपकली का बच्चा दिखाई दिया। यह दृश्य देखकर तीनों छात्र घबरा गए और उन्हें आशंका हुई कि वे दूषित भोजन का सेवन कर चुके हैं।
दवा दुकान से अस्पताल भेजे गए छात्र
घबराए छात्र सबसे पहले पास की एक मेडिकल दुकान पहुंचे और दवा लेने का प्रयास किया। हालांकि मेडिकल संचालक ने बिना चिकित्सकीय जांच दवा देने से इनकार करते हुए उन्हें तत्काल जिला अस्पताल जाने की सलाह दी। इसके बाद तीनों छात्र सीधे जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें निगरानी में भर्ती कर लिया।
खाद्य सुरक्षा पर उठे सवाल
बारिश के मौसम में खाद्य पदार्थों के दूषित होने की घटनाएं अक्सर सामने आती रहती हैं। होटल में परोसी गई कड़ी में मरी हुई छिपकली मिलने की घटना ने खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि होटल एवं भोजनालयों की नियमित जांच होनी चाहिए, ताकि इस तरह की लापरवाही से लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ न हो।
फिलहाल तीनों छात्रों की हालत चिकित्सकों की निगरानी में बताई जा रही है। वहीं मामले को लेकर संबंधित होटल की कार्यप्रणाली और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की मांग भी उठने लगी है।

