अयोध्या: श्री रामजन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट जल्द ही मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। इस पद के लिए ऐसे उम्मीदवार की तलाश होगी, जिसे प्रबंधन (मैनेजमेंट) के साथ-साथ धर्म, आध्यात्म और मंदिर प्रशासन की भी गहरी समझ हो।
तीन सदस्यीय समिति करेगी चयन
CEO के चयन के लिए गठित तीन सदस्यीय समिति अगले दो-तीन दिनों में बैठक कर नियुक्ति प्रक्रिया की रूपरेखा तय करेगी। समिति आवेदन आमंत्रित करने से लेकर इंटरव्यू की प्रक्रिया, चयन के मानदंड और अंतिम पैनल तैयार करने तक सभी पहलुओं पर निर्णय लेगी।
ये भी पढ़े राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: SIT जांच में डॉ. अनिल मिश्रा पर शिकंजा, चंपत राय का नाम नहीं
चयन प्रक्रिया तीन चरणों में इंटरव्यू के जरिए पूरी की जाएगी। इसके बाद समिति योग्य उम्मीदवारों का एक पैनल तैयार कर श्री रामजन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट को सौंपेगी। अंतिम नियुक्ति पर निर्णय ट्रस्ट के महासचिव लेंगे।
उम्मीदवारों की संख्या इस बात पर निर्भर करेगी कि आवेदन कितने प्राप्त होते हैं और उनमें से कितने अभ्यर्थी प्रबंधन, आध्यात्म, मंदिर व्यवस्था और धार्मिक दृष्टिकोण की कसौटी पर खरे उतरते हैं। सेवानिवृत्त और वर्तमान में कार्यरत, दोनों तरह के योग्य उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे।
CEO की प्रमुख जिम्मेदारियां
नियुक्त CEO मंदिर की संपूर्ण प्रबंधकीय, वित्तीय और प्रशासनिक व्यवस्था की निगरानी करेगा। वह सीधे ट्रस्ट के महासचिव को रिपोर्ट करेगा और उसे अयोध्या में रहकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा।
वेतन और सुविधाएं
ट्रस्ट की ओर से CEO को आकर्षक वेतन के साथ आवास और आधिकारिक वाहन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। नियुक्ति प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रखी जाएगी, ताकि सबसे योग्य और अनुभवी उम्मीदवार का चयन हो सके।

