भोपाल: दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन की सास और अभिनेत्री जया बच्चन की मां इंदिरा भादुड़ी की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें भोपाल के पारुल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 95 साल की इंदिरा भादुड़ी को एलर्जी से जुड़ी परेशानी है। हालांकि, फिलहाल उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा इलाज
जानकारी के मुताबिक, इंदिरा भादुड़ी को एलर्जी की समस्या बीच-बीच में होती रहती है। अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। परिवार के सदस्य भी लगातार उनकी सेहत पर नजर रख रहे हैं। फिलहाल, अस्पताल से छुट्टी मिलने की तारीख तय नहीं हुई है। डॉक्टर उनकी रिकवरी को देखते हुए आगे का फैसला लेंगे।
इससे पहले अक्टूबर 2024 में भी इंदिरा भादुड़ी की तबीयत खराब हुई थी। उस समय जानकारी मिलने पर जया बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन भोपाल पहुंचे थे।
श्यामला हिल्स में रहता है परिवार
इंदिरा भादुड़ी भोपाल के श्यामला हिल्स स्थित अंसल अपार्टमेंट में रहती हैं। उनके पति तरुण कुमार भादुड़ी पत्रकार और लेखक थे। जया बच्चन उनकी तीन बेटियों में सबसे बड़ी हैं। जया की दोनों बहनें भी भोपाल में रहती हैं। बच्चन परिवार का भोपाल से पुराना जुड़ाव रहा है। अमिताभ, जया और अभिषेक कई मौकों पर परिवार के साथ भोपाल आ चुके हैं।
ये भी पढे़ं: जम्मू-कश्मीर में लापता दोनों SPO के शव मिले: गोलियों से छलनी थे शरीर, हथियार भी गायब
सास का 90वां जन्मदिन मनाने आए थे अमिताभ
सदी के महानायक अमिताभ बच्चन अपनी सास इंदिरा का 90वां जन्मदिन मनाने फरवरी 2020 में चार्टर्ड विमान से भोपाल आए थे। उनके साथ पत्नी जया, बेटा अभिषेक, बहू ऐश्वर्या, बेटी श्वेता नंदा बच्चन और पोती आराध्या भी थीं।

