भोपाल: राजधानी भोपाल और इंदौर के मेट्रो यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। दोनों शहरों में आज से नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड यानी NCMC की सुविधा शुरू हो रही है। इस कार्ड के जरिए यात्री बिना टिकट की लंबी कतार में लगे मेट्रो में सफर कर सकेंगे।
कार्ड बिल्कुल एटीएम कार्ड की तरह होगा
यह कार्ड बिल्कुल एटीएम कार्ड की तरह होगा। यात्रियों को इसे खरीदकर रिचार्ज कराना होगा। इसके बाद मेट्रो स्टेशन पर एंट्री और एग्जिट के लिए कार्ड का इस्तेमाल कर सकेंगे। खास बात यह है कि इस कार्ड से दिल्ली, मुंबई समेत उन सभी शहरों की मेट्रो में भी सफर किया जा सकेगा, जहां NCMC सिस्टम लागू है। मेट्रो अधिकारियों के मुताबिक, यात्रियों को यह कार्ड स्टेशनों पर ही उपलब्ध कराया जाएगा। इससे टिकट खरीदने में लगने वाला समय बचेगा और यात्रा आसान होगी।
बार-बार टिकट खरीदने की आवश्यकता नहीं होगी
मेट्रो प्रबंधन के अनुसार NCMC एक आधुनिक स्मार्ट कार्ड आधारित टिकटिंग सुविधा है, जिसके माध्यम से यात्रियों को बार-बार टिकट खरीदने की आवश्यकता नहीं होगी। यात्री अपने NCMC कार्ड का उपयोग मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश एवं निकास के लिए कर सकेंगे। इससे यात्रियों को टिकट काउंटरों पर कतार में लगने की आवश्यकता कम होगी और यात्रा अधिक सहज एवं समयबद्ध बनेगी।
भोपाल में 6 मेट्रो स्टेशन पर मिलेंगे कार्ड
यात्री भोपाल एवं इंदौर मेट्रो के सभी स्टेशनों पर उपलब्ध टिकट काउंटरों से NCMC कार्ड प्राप्त कर सकते हैं। कार्ड जारी करने का शुल्क मात्र 50 रुपये निर्धारित है, जो नॉन-रिफंडेबल होगा। कार्ड प्राप्त करने के बाद यात्री उसमें आवश्यक राशि रिचार्ज कर मेट्रो यात्रा के लिए उपयोग कर सकेंगे।
भोपाल में 6 मेट्रो स्टेशन- सुभाषनगर, केंद्रीय स्कूल, डीबी मॉल, एमपी नगर, रानी कमलापति, डीआरएम तिराहा, अलकापुरी और एम्स पर ये सुविधा मिलेगी।
ये भी पढ़ें: अमिताभ बच्चन की सास इंदिरा भादुड़ी की तबीयत बिगड़ी, भोपाल के पारुल अस्पताल में भर्ती
कार्ड से यात्रा पर 25 प्रतिशत की छूट
यात्रियों को सिंगल जर्नी यात्रा पर पहले से प्रदान की जा रही 25 प्रतिशत की छूट, कार्ड पर यथावत रहेगी। यह छूट उन यात्राओं पर लागू होगी, जिनका निर्धारित किराया 20 रुपये से अधिक है। यह सुविधा भोपाल एवं इंदौर मेट्रो दोनों में उपलब्ध होगी।

