दतिया: मध्यप्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा द्वारा पूर्व संभागीय संगठन मंत्री आशुतोष तिवारी को प्रत्याशी बनाए जाने के बाद पार्टी के भीतर असंतोष खुलकर सामने आ गया है। पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस फैसले का विरोध शुरू कर दिया है। शनिवार से जारी विरोध प्रदर्शन अब सड़क पर उतर आया है, जिससे पार्टी के लिए चुनाव से पहले नई राजनीतिक चुनौती खड़ी हो गई है।
हाईवे पर उतरे समर्थक, घंटों बाधित रहा यातायात
आशुतोष तिवारी के नाम की घोषणा के बाद नाराज समर्थकों ने दतिया में सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया, जिसके चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हाईवे पर जाम की वजह से आम लोगों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
और भी पढ़े आखिरी वक्त पर नरोत्तम मिश्रा का टिकट क्यों कटा?
पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव
स्थिति बिगड़ते देख प्रशासन ने मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया। अधिकारियों ने पहले प्रदर्शनकारियों को समझाकर सड़क खाली कराने की कोशिश की, लेकिन जब भीड़ पीछे हटने को तैयार नहीं हुई तो पुलिस ने बल प्रयोग किया। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया गया और हालात पर काबू पाने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए। इसके बाद पुलिस ने हाईवे खाली कराया और यातायात सामान्य कराया।
संगठन के सामने बड़ी चुनौती
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि दतिया में बूथ स्तर से लेकर जिला संगठन तक डॉ. नरोत्तम मिश्रा का मजबूत प्रभाव है। ऐसे में भाजपा नेतृत्व के सामने सबसे बड़ी चुनौती नाराज़ कार्यकर्ताओं और समर्थकों को मनाकर चुनावी अभियान में एकजुट करना होगा। यदि असंतोष जल्द शांत नहीं हुआ, तो इसका असर उपचुनाव की रणनीति पर भी पड़ सकता है।

