उज्जैन: सिंहस्थ-2028 की तैयारियों का निरीक्षण करने उज्जैन पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और अलग ही अंदाज में नजर आए। अधिकारियों के साथ बैठकों तक सीमित रहने के बजाय मुख्यमंत्री बाइक पर सवार होकर उज्जैन के पुराने शहर की गलियों में पहुंचे और विकास कार्यों का जमीनी जायजा लिया।
बाइक से किया पुराने शहर का निरीक्षण
जावरा फोर लेन परियोजना के भूमिपूजन के बाद मुख्यमंत्री उज्जैन पहुंचे। यहां उन्होंने सिंहस्थ-2028 से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं और निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। बाइक पर पुराने शहर का भ्रमण करते हुए उन्होंने अधिकारियों से काम की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
और भी पढ़े दतिया में BJP टिकट पर बवाल, हाईवे जाम के बाद पुलिस का लाठीचार्ज
सिंहस्थ को बताया प्रदेश की प्रतिष्ठा का आयोजन
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंहस्थ-2028 सिर्फ उज्जैन का नहीं, बल्कि पूरे मध्य प्रदेश की प्रतिष्ठा का आयोजन है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ तय समय सीमा में काम पूरा करें और श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराएं। साथ ही उन्होने गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता न करने की बात भी कही।
होटल में बनाई जलेबी, वायरल हुआ वीडियो
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री अचानक पुराने शहर के एक होटल पहुंच गए। यहां उन्होंने कड़ाही संभाली और अपने हाथों से जलेबी बनाई। मुख्यमंत्री को जलेबी बनाते देख लोग उत्साहित हो गए और किसी ने वीडियो तो किसी ने तस्वीरें अपने मोबाइल में कैद कर लीं। देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
चाय की चुस्कियों के साथ लोगों से की बातचीत
जलेबी बनाने के बाद मुख्यमंत्री ने होटल में बैठकर चाय पी और स्थानीय लोगों से शहर के विकास, सिंहस्थ की तैयारियों और जनसुविधाओं को लेकर चर्चा की। लोगों ने भी खुलकर अपनी समस्याएं और सुझाव उनके सामने रखे। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे और कई लोगों ने उनके साथ सेल्फी भी ली।
जनसंवाद के साथ प्रशासनिक समीक्षा
मुख्यमंत्री का यह दौरा केवल निरीक्षण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जनसंवाद का भी माध्यम बना। प्रशासन का कहना है कि सिंहस्थ-2028 की तैयारियों की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि करोड़ों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।


