अयोध्या: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी के इस्तफ़ा जताने की इच्छा की खबर सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, गोविंद देव गिरी ने समय की कमी के कारण यह इच्छा व्यक्त की है। बताया जा रहा है, कि वे अयोध्या में पर्याप्त समय नहीं दे पा रहे हैं जिसके चलते उन्होंने पद छोड़ने का मन बनाया है।
जानकारी के अनुसार, राम मंदिर ट्रस्ट के बैंक खातों से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों के लिए अध्यक्ष, महासचिव या कोषाध्यक्ष में से किसी एक के हस्ताक्षर जरूरी होते हैं। ऐसे में कोषाध्यक्ष पद ट्रस्ट की प्रशासनिक व्यवस्था में अहम भूमिका रखता है।
हालांकि, ट्रस्ट के सदस्य दिनेन्द्र दास ने गोविंद देव गिरी के इस्तीफे की खबर पर कहा कि केवल इच्छा जताने से इस्तीफा स्वीकार नहीं हो जाता। उन्होंने कहा कि इस संबंध में अंतिम निर्णय ट्रस्ट की बैठक और निर्णय प्रक्रिया के बाद ही लिया जाएगा।
दिनेन्द्र दास ने स्पष्ट किया कि ट्रस्ट जो भी फैसला करेगा वह सभी सदस्यों को मान्य होगा। फिलहाल गोविंद देव गिरी के इस्तीफे को लेकर ट्रस्ट की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। अब सभी की नजरें ट्रस्ट के अगले निर्णय पर टिकी हैं।

