भोपाल: मध्यप्रदेश को तकनीकी और औद्योगिक निवेश का अग्रणी केंद्र बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में आयोजित ‘एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 3.0’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रदेश की प्रौद्योगिकी विकास यात्रा पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया, जिसमें मध्यप्रदेश की तकनीकी प्रगति और निवेश की संभावनाओं को प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 178.70 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित 20 औद्योगिक इकाइयों का लोकार्पण किया। इन इकाइयों के माध्यम से प्रदेश में 1,229 नए रोजगार सृजित होंगे, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे और औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।
कॉन्क्लेव में डिजिटल और तकनीकी क्षेत्र को नई दिशा देने के उद्देश्य से Google Play India और मध्यप्रदेश स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (MPSEDC) के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) का आदान-प्रदान भी किया गया। इसके अलावा स्पेन के बार्सिलोना स्थित Submer India Private Limited के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पैट्रिक स्मेट्स सहित विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के प्रतिनिधियों को मध्यप्रदेश में औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने के लिए लेटर ऑफ अलॉटमेंट प्रदान किए गए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश अब पारंपरिक क्षेत्रों तक सीमित नहीं है, बल्कि तकनीक आधारित उद्योगों और भविष्य की अर्थव्यवस्था के क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को ग्लोबल निवेशकों की पहली पसंद बनाने के लिए सरकार निरंतर बेहतर औद्योगिक वातावरण तैयार कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 3.0′ के अंतर्गत कुल’ 51 प्रकार की विविध गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इनके माध्यम से प्रदेश में लगभग 40 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावित हैं, जिनसे करीब 35 हजार रोजगार के नए अवसर सृजित होने की संभावना है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में ‘सेमीकंडक्टर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ की स्थापना की घोषणा की। साथ ही उन्होंने इंदौर के सुपर कॉरिडोर और भोपाल में अत्याधुनिक आईटी पार्क विकसित किए जाने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के माध्यम से मध्यप्रदेश को ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC), सेमीकंडक्टर निर्माण, डेटा सेंटर और उन्नत सूचना प्रौद्योगिकी सेवाओं का राष्ट्रीय केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत नवाचार, तकनीक और प्रतिभा के बल पर विश्व में नई पहचान बना रहा है। इसी सोच के अनुरूप मध्यप्रदेश भी कृषि, खनिज और वन आधारित अर्थव्यवस्था से आगे बढ़ते हुए डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग, ड्रोन टेक्नोलॉजी, सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर, रिन्यूएबल एनर्जी, इलेक्ट्रॉनिक्स और इंडस्ट्रियल कॉरिडोर जैसे भविष्य के क्षेत्रों में तेज़ी से निवेश आकर्षित कर रहा है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार की उद्योग-अनुकूल नीतियों, आधुनिक बुनियादी ढांचे और निवेशकों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण के कारण आने वाले वर्षों में मध्यप्रदेश देश के सबसे बड़े तकनीकी और औद्योगिक निवेश केंद्रों में अपनी मजबूत पहचान स्थापित करेगा।

