लखनऊ: उत्तरप्रदेश की राजधानी लखनऊ के इंदिरानगर थाना क्षेत्र में संवेदनहीनता की एक तस्वीर सामने आई है। लोगों ने बच्चा चोरी के शक में एक महिला को उल्टा लटकाकर लातों से पीटा और उसके साथ बर्बरता की सारी हदें पार कर दी। हाथ-पैर रस्सी से बांधकर छाती पर लात मारी गई और प्राइवेट पार्ट पर डंडे से वार किए गए। वह लोगों से बचाने की गुहार लगाती रही, लेकिन मौके पर मौजूद भीड़ मूकदर्शक बनी रही।
पुलिस पर मामले को दबाने का का आरोप
पीड़िता न्याय की गुहार लेकर थाने पहुंची तो आरोप है कि इंस्पेक्टर अजय नारायण सिंह, मानस चौकी प्रभारी अर्जुन सिंह और थाने में तैनात एसआई गौरव ने सुनवाई करने के बजाय उसे टरकाते रहे। चार दिन तक मामले को दबाने की कोशिश की गई।
मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की
मंगलवार को मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस के रवैये से नाराज ग्रामीणों ने हंगामा किया। इसके बाद पुलिस हरकत में आई। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुगामऊ इलाके में पैदल मार्च किया।
ये भी पढ़ें: मुरैना में रास्ते-नाली के विवाद में खूनी संघर्ष, दोनों पक्षों में चले लाठी-डंडे
ये है पूरा मामला
पीड़िता के पति ने तहरीर में बताया कि वह सुगामऊ में रहता है। 6 नवंबर को उसकी पत्नी सुबह 5 बजे टहलने निकली थी। मुर्गी फार्म मानस ग्रीन रोड के पास उसको झुग्गी झोपड़ी वालों ने बेहरमी से मारा।
गांव के एक लड़के ने मोबाइल से जानकारी दी कि पत्नी चौकी पर है। चौकी पर पहुंचा तो पत्नी बेहोश मिली। उन्होंने मोबाइल भी तोड़ दिया था। पत्नी को लेकर बलरामपुर अस्पताल पहुंचा तो इलाज के बाद होश आया। होश आने पर उसने बताया कि वो रोड से जा रही थी।
तभी एक गाड़ी आ रही थी उसने गाड़ी से चोट लगने का खतरा देखकर झुग्गी में रहने वाले बच्चे को किनारे खींच लिया। इसके बाद झुग्गी वालों ने मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान कान का बुंदा और पायल भी छीन ली।

