बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बुलंदशहर के सिकंदराबाद और बुलंदशहर विधानसभा क्षेत्रों को ₹574 करोड़ से अधिक लागत की 57 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया, प्रदर्शनी स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लैपटॉप, मकानों की चाबी, आयुष्मान कार्ड, छात्रवृत्ति, सब्सिडी, टूल-किट, थर्मल प्रिंटर और प्रमाण-पत्र वितरित किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार सुरक्षा, सुशासन और विकास के मॉडल पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज अपराध और अराजकता की पहचान नहीं, बल्कि निवेश, उद्योग और रोजगार का नया केंद्र बन रहा है।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सख्त तेवर में कहा, ‘हमने कहा था माफिया को मिट्टी में मिलाएंगे… और मिला दिया।’ उन्होंने कहा कि कानून का राज स्थापित होने के कारण आज प्रदेश में निवेशकों का विश्वास बढ़ा है और बड़े उद्योग उत्तर प्रदेश की ओर आकर्षित हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में इंटरनेशनल फिल्म सिटी, अपैरल पार्क और मेडिकल डिवाइस पार्क जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाएं तेजी से आकार ले रही हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क, रेल और एक्सप्रेस-वे कनेक्टिविटी के कारण बुलंदशहर औद्योगिक विकास के एक नए युग में प्रवेश करने जा रहा है। इससे निवेश को नई गति मिलेगी और युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
‘गुलामी वाली सोच को जड़ से उखाड़ना पहला काम’
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘पंच प्रण’ का उल्लेख करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण का पहला संकल्प औपनिवेशिक मानसिकता को पूरी तरह समाप्त करना है। उन्होंने कहा, ‘जब तक गुलामी वाली सोच हमारे भीतर बनी रहेगी, तब तक भारत अपनी पूरी क्षमता के साथ आगे नहीं बढ़ सकता।’
उन्होंने कहा कि भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए अपनी संस्कृति, विरासत और राष्ट्रीय स्वाभिमान को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी।
पीएम मोदी के ‘पंच प्रण’ को बताया विकसित भारत की नींव
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए ‘पंच प्रण’ विकसित भारत का मार्ग प्रशस्त करेंगे। उन्होंने देशवासियों से औपनिवेशिक मानसिकता त्यागने, भारतीय विरासत पर गर्व करने, सामाजिक समरसता को मजबूत करने, सेना और सुरक्षा बलों का सम्मान करने तथा अधिकारों के साथ अपने नागरिक कर्तव्यों का पालन करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि ‘उत्तर प्रदेश अब भय और माफियाराज से मुक्त होकर विकास, निवेश और सुशासन की नई पहचान बना चुका है।’ मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारकर हर नागरिक तक विकास का लाभ पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सुरक्षित कानून-व्यवस्था, तेज़ी से बढ़ता औद्योगिक विकास, आधुनिक कनेक्टिविटी और डबल इंजन सरकार की नीतियां उत्तर प्रदेश को देश की सबसे मजबूत अर्थव्यवस्थाओं में शामिल करने की दिशा में निर्णायक भूमिका निभाएंगी।

