नीमच: मध्यप्रदेश के नीमच में होमगार्ड सैनिक की ड्यूटी लगाने के बदले हर महीने रिश्वत लेने का मामला सामने आया है। उज्जैन लोकायुक्त की टीम ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए जिला होमगार्ड कमांडेंट युवराज सिंह चौहान को 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोप है कि कमांडेंट नयागांव आरटीओ बैरियर पर ड्यूटी लगाने के एवज में सैनिक से हर महीने तय रकम की मांग कर रहे थे। रिश्वत की रकम एक अन्य सैनिक के माध्यम से मांगी जा रही थी।
सैनिक की शिकायत पर हुई कार्रवाई
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, होमगार्ड सैनिक महेश थोरचा ने 10 नवंबर को उज्जैन लोकायुक्त एसपी विनोद कुमार दीक्षित के समक्ष लिखित शिकायत की थी। सैनिक ने आरोप लगाया था कि नयागांव स्थित आरटीओ बैरियर पर ड्यूटी लगाने के बदले जिला कमांडेंट युवराज सिंह चौहान उससे हर महीने 3 हजार रुपये मांग रहे हैं। यह रकम होमगार्ड कार्यालय में पदस्थ सैनिक बलवंत सिंह के माध्यम से मांगी जा रही थी।
शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त एसपी के निर्देश पर मामले का गोपनीय सत्यापन कराया गया। इसमें रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने के बाद आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई गई।
ये भी पढ़ें: अग्निवीरों को स्थायी सेवा मिले, पूर्व सैनिकों का आरक्षण लागू हो: मेजर जनरल श्याम श्रीवास्तव
3 हजार लेते ही टीम ने दबोचा
12 नवंबर को डीएसपी राजेश पाठक के नेतृत्व में उज्जैन लोकायुक्त की टीम नीमच पहुंची। योजनाबद्ध तरीके से शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम लेकर भेजा गया। जैसे ही जिला कमांडेंट युवराज सिंह चौहान ने 3 हजार रुपये लिए, पहले से तैनात लोकायुक्त टीम ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया।
कार्रवाई में निरीक्षक राजेंद्र वर्मा सहित लोकायुक्त के अन्य अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद होमगार्ड विभाग में हड़कंप मच गया।

