शहडोल: जिला अस्पताल में तीन युवकों की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। आक्रोशित लोगों ने इमरजेंसी में ड्यूटी कर रहे डॉक्टर के साथ मारपीट की और उन्हें थप्पड़ मार दिया। इस दौरान अस्पताल में तोड़फोड़ भी की गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। वहीं, अपने साथी डॉक्टर को बचाने के लिए महिला सिविल सर्जन डॉ. शिल्पी सराफ भीड़ के सामने डटकर खड़ी हो गईं। उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
तीन युवकों की मौत के बाद भड़के लोग
घटना 9 नवंबर की रात करीब 9:30 बजे की है। शहर में चौपाटी के पीछे स्थित तालाब में डूबने से तीन युवकों की मौत हो गई थी। तीनों को जिला अस्पताल के इमरजेंसी विभाग लाया गया, जहां ड्यूटी डॉक्टर डॉ. नीरज कुमार जायसवाल ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद अस्पताल पहुंचे कुछ लोग आक्रोशित हो गए। आरोप है कि उन्होंने डॉक्टरों और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। मेडिकल टेबल पर रखा सामान फेंक दिया और टेबल पलट दी। इसी दौरान ड्यूटी डॉक्टर का कॉलर पकड़कर उनके साथ मारपीट की गई और थप्पड़ मार दिया गया। अन्य चिकित्सकों और अस्पताल कर्मचारियों के साथ भी अभद्रता की गई।
डॉक्टर को बचाने आगे आईं महिला सिविल सर्जन
हंगामे के दौरान जिला अस्पताल की सिविल सर्जन डॉ. शिल्पी सराफ अपने साथी डॉक्टर को बचाने के लिए भीड़ के बीच पहुंच गईं। वायरल वीडियो में वह आक्रोशित लोगों के सामने खड़ी होकर डॉक्टर को बचाने का प्रयास करती नजर आ रही हैं। उनके साहस की सोशल मीडिया पर सराहना हो रही है।
ये भी पढ़ें: ड्यूटी लगाने के लिए हर महीने मांग रहा था 3 हजार, लोकायुक्त ने होमगार्ड कमांडेंट को पकड़ा
दो अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर
घटना के बाद सिविल सर्जन ने कोतवाली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने 12 नवंबर को दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट, धमकी, शासकीय कार्य में बाधा और अस्पताल की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है। वहीं अस्पताल प्रबंधन ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

