नई दिल्ली: सोने और चांदी की कीमतों में एक बार फिर तेजी देखने को मिली है। 21 जुलाई को कीमती धातुओं के भाव में बढ़ोतरी दर्ज की गई। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, चांदी की कीमत में 3,159 रुपये प्रति किलो का इजाफा हुआ है, जिसके बाद इसका भाव करीब 2.23 लाख रुपये प्रति किलो पहुंच गया है।
वहीं, सोने की कीमतों में भी बढ़त दर्ज की गई है। 24 कैरेट सोना 1,150 रुपये महंगा होकर 1.43 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया है।
2026 में सोना 10 हजार रुपये महंगा हुआ
इस साल सोने-चांदी की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। साल 2026 में अब तक सोने की कीमत करीब 10 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम बढ़ चुकी है। 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम सोने का भाव करीब 1.33 लाख रुपये था, जो अब बढ़कर 1.43 लाख रुपये तक पहुंच गया है।
वहीं, चांदी की कीमत में इस दौरान करीब 7 हजार रुपये की गिरावट आई है। 31 दिसंबर 2025 को चांदी का भाव 2.30 लाख रुपये प्रति किलो था, जो अब करीब 2.23 लाख रुपये प्रति किलो है।
ये भी पढ़े
जानें कितनी महंगी हो सकती है अगस्त से मारुति की कारें!
जनवरी में बना था रिकॉर्ड हाई
इस साल 29 जनवरी को सोने और चांदी ने रिकॉर्ड स्तर छुआ था। उस दिन सोने की कीमत करीब 1.76 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी का भाव करीब 3.86 लाख रुपये प्रति किलो के ऑलटाइम हाई पर पहुंच गया था।
एकमुश्त निवेश से बचने की सलाह
कमोडिटी एक्सपर्ट अजय केडिया के मुताबिक, सोना और चांदी अपने उच्चतम स्तर से काफी नीचे आ चुके हैं। ऐसे में निवेश के मौके बन सकते हैं, लेकिन निवेशकों को एक साथ बड़ी रकम लगाने से बचना चाहिए।
उनका अनुमान है कि साल के अंत तक सोने की कीमत फिर से 1.60 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी करीब 2.80 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच सकती है।

