नई दिल्ली: देश की सबसे बड़ी पैसेंजर वाहन निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी ने अपने सभी मॉडल्स की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। कंपनी अगस्त 2026 से अपनी कारों की कीमतें 30,000 रुपये तक बढ़ाएगी। नई कीमतें अलग-अलग मॉडल और वैरिएंट के अनुसार लागू होंगी।
कंपनी ने मंगलवार, 21 जुलाई को शेयर बाजारों को भेजी रेगुलेटरी फाइलिंग में इसकी जानकारी दी। मारुति के मुताबिक, बढ़ती उत्पादन लागत (इनपुट कॉस्ट) के कारण कीमतों में संशोधन करना आवश्यक हो गया है।
क्यों बढ़ रहे हैं कारों के दाम?
मारुति सुजुकी ने कहा कि पिछले कुछ महीनों से कच्चे माल और अन्य इनपुट लागत में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। कंपनी ने लागत को अपने स्तर पर नियंत्रित करने की कोशिश की, ताकि ग्राहकों पर अतिरिक्त बोझ न पड़े, लेकिन बढ़ती महंगाई और कारोबारी लागत के कारण अब कीमतें बढ़ाना जरूरी हो गया है।
ये भी पढ़े
E20 पेट्रोल पर सरकार का बड़ा दावा! 23 करोड़ गाड़ियों में नहीं मिला इंजन खराब होने का सबूत
दो महीने में दूसरी बार बढ़ेंगी कीमतें
यह पहली बार नहीं है जब कंपनी ने कीमतों में इजाफा किया है। इससे पहले जून 2026 में भी मारुति सुजुकी ने अपने सभी मॉडल्स की कीमतें 30,000 रुपये तक बढ़ाई थीं। उस समय भी कंपनी ने इनपुट कॉस्ट और महंगाई को इसकी मुख्य वजह बताया था। अब अगस्त से लागू होने वाली नई बढ़ोतरी जून में किए गए मूल्य संशोधन के अतिरिक्त होगी।
₹3.50 लाख से ₹25 लाख तक हैं कारों की कीमतें
मारुति सुजुकी भारतीय बाजार में एंट्री-लेवल हैचबैक से लेकर प्रीमियम एमपीवी तक कई मॉडल्स बेचती है। कंपनी के पोर्टफोलियो में S-Presso से लेकर Invicto तक की गाड़ियां शामिल हैं।
फिलहाल कंपनी की कारों की एक्स-शोरूम कीमतें करीब 3.50 लाख रुपये से शुरू होकर 25 लाख रुपये तक हैं। अगस्त से लागू होने वाली नई कीमतों के बाद एंट्री-लेवल और प्रीमियम दोनों श्रेणी की गाड़ियां महंगी हो जाएंगी।

