हरारे: टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरे टी-20 मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए 35 रन से जीत दर्ज की और तीन मैचों की सीरीज पर 3-0 से कब्जा कर लिया। हरारे में खेले गए मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 192 रन बनाए, जिसके जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 7 विकेट पर 157 रन ही बना सकी।
वैभव सूर्यवंशी बने जीत के हीरो
भारत की जीत में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 49 गेंदों पर 81 रन की पारी खेली। उनकी इस पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं, गेंदबाजी में मयंक यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट झटके, जबकि यश ठाकुर ने 2 विकेट हासिल किए।
वैभव और ईशान ने संभाली भारत की पारी
भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और अभिषेक शर्मा सिर्फ 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन ने मोर्चा संभाला।
दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 75 रनों की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। ईशान किशन ने 29 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद वैभव ने कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ 50 रन की साझेदारी कर भारत का स्कोर 192 तक पहुंचाया।
जिम्बाब्वे की शुरुआत खराब, रयान बर्ल ने जमाया अर्धशतक
193 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने पहली ही गेंद पर अपना विकेट गंवा दिया। जिम्बाब्वे की ओर से रयान बर्ल ने सबसे ज्यादा नाबाद 54 रन बनाए, लेकिन उनकी पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी। भारतीय गेंदबाजों के सामने पूरी टीम 157 रन तक ही पहुंच पाई।
वैभव सूर्यवंशी बने प्लेयर ऑफ द सीरीज
पूरी सीरीज में शानदार प्रदर्शन करने वाले वैभव सूर्यवंशी को प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब भी मिला। उन्होंने तीन मुकाबलों में कुल 151 रन बनाए।
मैच के बाद वैभव ने कहा कि हरारे पहुंचने के बाद टीम ने दो-तीन दिन अच्छी तैयारी की थी और उन्हें यहां खेलना हमेशा पसंद है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य हर मैच में टीम को तेज शुरुआत दिलाना और अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलना होता है। वैभव ने दोनों अवॉर्ड को अपने लिए सपना सच होने जैसा पल बताया।

