अयोध्या: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा फैसला लिया है। ट्रस्ट ने जगदीश आफले को अपना पहला सचिव नियुक्त किया है। हालांकि इस नियुक्ति पर अंतिम और औपचारिक मुहर 2 सितंबर को होने वाली ट्रस्ट की बैठक में लगेगी।
जगदीश आफले बने ट्रस्ट के अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता
ट्रस्ट ने जगदीश आफले को अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता भी नियुक्त किया है। इसके लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) को नया प्रस्ताव भेजा गया है। प्रस्ताव स्वीकार होने के बाद ट्रस्ट के बैंक खातों का संचालन दोबारा शुरू हो गया है।
इस्तीफों के बाद पैदा हुआ था गतिरोध
पूर्व महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा के इस्तीफे के बाद ट्रस्ट में अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं थी। इसके कारण बैंक खातों के संचालन पर असर पड़ा और करीब 1,000 कर्मचारियों के वेतन तथा विभिन्न एजेंसियों के भुगतान में भी बाधा आई थी। नए प्रस्ताव के बाद यह समस्या दूर हो गई है।
ये भी पढ़े
भद्रक में बाढ़ का कहर ,कई गांव हुए जलमग्न
राम मंदिर निर्माण में निभा चुके हैं अहम भूमिका
जगदीश आफले राम मंदिर निर्माण परियोजना में प्रोजेक्ट मैनेजर की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। बताया जा रहा है कि, वे लंबे समय से बिना वेतन इस कार्य से जुड़े रहे हैं।
आरएसएस से जुड़ाव, इंजीनियरिंग का लंबा अनुभव
जगदीश आफले बचपन से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े रहे हैं। वे पेशे से इलेक्ट्रिकल इंजीनियर हैं और आईआईटी मुंबई से बीटेक और एमटेक की पढ़ाई कर चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने विदेशों की कई बहुराष्ट्रीय कंपनियों में भी अपनी सेवाएं दी हैं।
प्रवक्ता की नियुक्ति भी जल्द
ट्रस्ट में प्रवक्ता की नियुक्ति की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है और जल्द ही नाम की घोषणा की जा सकती है। अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन ने बताया कि मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के चयन में समय लग सकता है, इसलिए फिलहाल प्रशासनिक कार्यों को सुचारु रखने के लिए सचिव का नया पद सृजित किया गया है।

