नई दिल्ली: संसद के मानसून सत्र का शुक्रवार को 10वां दिन है। लोकसभा और राज्यसभा में आज भी सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिल सकती है। एक ओर बीजेपी ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया है, वहीं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जन्म और मृत्यु पंजीकरण संशोधन विधेयक, 2026 पेश करेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक भी प्रस्तावित है।
राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस
बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन और सदन की अवमानना का नोटिस सौंपा है। अनुराग ठाकुर का आरोप है कि राहुल गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ असंसदीय और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया तथा सदन में गंभीर और बेबुनियाद आरोप लगाए।
ये भी पढ़े
राष्ट्रपति भवन में गूंजी बस्तर की सांस्कृतिक पहचान
दरअसल, राहुल गांधी ने बुधवार को एंटी पेपर लीक संशोधन विधेयक पर चर्चा के दौरान गृह मंत्री अमित शाह पर कई आरोप लगाए थे। उनके भाषण के कुछ अंश लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कार्यवाही से हटा दिए थे।
अमित शाह पेश करेंगे नया विधेयक
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज लोकसभा में जन्म और मृत्यु पंजीकरण संशोधन विधेयक, 2026 पेश करेंगे। प्रस्तावित संशोधन के तहत जन्म या मृत्यु के पंजीकरण में देरी होने पर नियम पहले की तुलना में अधिक सख्त किए जाएंगे।
PM नरेंद्र मोदी कैबिनेट की बैठक आज
संसद सत्र के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक भी आयोजित होगी। यह बैठक संसद परिसर में दोपहर के समय प्रस्तावित है। बैठक में कई महत्वपूर्ण नीतिगत और प्रशासनिक फैसलों पर चर्चा होने की संभावना है।
महत्पूर्ण यह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात की थी, जिसके बाद आज की कैबिनेट बैठक पर राजनीतिक और प्रशासनिक नजरें टिकी हुई हैं।
एंटी पेपर लीक बिल पर भी रहेगा फोकस
संसद में एंटी पेपर लीक विधेयक भी चर्चा का प्रमुख विषय बना हुआ है। गुरुवार को यह विधेयक राज्यसभा से भी पारित हो चुका है। ऐसे में आज संसद के दोनों सदनों में इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बहस और राजनीतिक टकराव जारी रहने की संभावना है।

