तिरुवनंतपुरम: केरल में लगातार हो रही भारी बारिश ने हालात गंभीर कर दिए हैं। राज्य के कई जिलों में बाढ़ और लैंडस्लाइड की घटनाओं ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के अनुसार, अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 8 लोग लापता हैं। वहीं इस आपदा में 13 लोग घायल भी हुए हैं।
209 राहत शिविरों में पहुंचाए गए लोग
राज्य सरकार ने राहत और बचाव कार्य तेज करते हुए 209 राहत शिविर स्थापित किए हैं। इन शिविरों में अब तक 5,792 लोगों को सुरक्षित पहुंचाया गया है। भारी बारिश और भूस्खलन से 27 घर पूरी तरह तबाह हो गए हैं, जबकि 196 मकानों को नुकसान पहुंचा है।
5 डैम पर रेड अलर्ट
बता दें लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए मूझियार, कल्लारकुट्टी, एरट्टयार, लोअर पेरियार और पोरिंगलकुथु डैम पर रेड अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने नदियों और डैम के आसपास रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक होने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।
अलप्पुझा में बढ़ा बाढ़ का खतरा
अलप्पुझा जिले के कुट्टनाड और अपर कुट्टनाड क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा लगातार बढ़ रहा है। पंबा और अचनकोविल नदियों का जलस्तर बढ़ने से कई निचले इलाकों में पानी भर गया है। वीयापुरम और चेरुथाना गांवों में 100 से अधिक घर प्रभावित हुए हैं। अलप्पुझा में 11 राहत शिविरों में 169 परिवारों के 580 लोगों को ठहराया गया है।
यह भी पढ़ें-
Ram Mandir Donation Case: चढ़ावा चोरी जांच तेज, चंपत राय समेत 200 लोगों को एसआईटी का नोटिस
सड़कें बनीं तालाब
केरल के कन्नूर जिले के श्रीकंदापुरम में भारी बारिश के चलते सड़कें और निचले इलाके पानी में डूब गए हैं। कई स्थानों पर आवाजाही प्रभावित हुई है और स्थानीय प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।
प्रशासन की अपील
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा आधिकारिक एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

