वडोदरा: गुजरात के वडोदरा जिले की मंजलपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शानदार जीत दर्ज की है। भाजपा उम्मीदवार सतेन्द्रभाई (सतीश) पटेल ने कांग्रेस प्रत्याशी भिखाभाई रबारी को 30,499 वोटों के बड़े अंतर से हराकर सीट अपने नाम कर ली। चुनाव आयोग के घोषित परिणामों के अनुसार, कांग्रेस उम्मीदवार भिखाभाई रबारी को 24,585 वोट मिले, जबकि भाजपा ने निर्णायक बढ़त के साथ जीत हासिल की।
जीत के बाद सतीश पटेल ने जताया जनता का आभार
जीत के बाद सतीश पटेल ने मंजलपुर की जनता का धन्यवाद करते हुए कहा कि जिस तरह क्षेत्र की जनता ने पहले योगेश काका पर भरोसा जताया था, उसी तरह उन्हें भी अपना समर्थन और आशीर्वाद दिया है। उन्होंने कहा कि वे जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।
कांग्रेस ने लगाए आरोप
वहीं, कांग्रेस उम्मीदवार भिखाभाई रबारी ने अपनी हार स्वीकार करते हुए आरोप लगाया कि मतदान के अंतिम चरण में भाजपा की ओर से भय का माहौल बनाया गया, जिससे मतदान प्रभावित हुआ। हालांकि, इस संबंध में निर्वाचन अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
यह भी पढ़ें-
दतिया उपचुनाव: 10वें राउंड तक कांग्रेस 10,842 वोट से आगे
30 जुलाई को हुआ था मतदान
मंजलपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को उपचुनाव के लिए मतदान हुआ था। निर्वाचन आयोग के अनुसार, इस सीट पर कुल 37.05 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
कार्यकर्ताओं ने किया गरबा
मतगणना के दौरान भाजपा की बढ़त स्पष्ट होने के बाद वडोदरा में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। महिला कार्यकर्ताओं ने गरबा कर खुशी का इजहार किया, जबकि समर्थकों ने नारेबाजी कर जीत का स्वागत किया। जीत की आधिकारिक घोषणा के बाद कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर उत्सव मनाया।

