हेग/नीदरलैंड्स: एफआईएच पुरुष हॉकी वर्ल्ड कप में आज भारत और पाकिस्तान के बीच हाईवोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा। पूल-D का यह मैच वैगनर हॉकी स्टेडियम में शाम 6:30 बजे से शुरू होगा। भारत ने टूर्नामेंट में अब तक वेल्स को 3-1 से हराया है, जबकि इंग्लैंड के खिलाफ 1-4 से हार का सामना करना पड़ा। दो मैचों में 3 अंक के साथ भारतीय टीम पूल-D में दूसरे स्थान पर है।
भारत के लिए पाकिस्तान के खिलाफ यह मुकाबला बेहद अहम है। जीत हासिल करने पर टीम के 6 अंक हो जाएंगे और वह अगले राउंड के लिए क्वालिफाई कर जाएगी। वहीं, पाकिस्तान के लिए हार टूर्नामेंट से बाहर होने का कारण बन सकती है।
पिछले 10 साल से पाकिस्तान के खिलाफ अजेय भारत
भारत का पाकिस्तान के खिलाफ हालिया रिकॉर्ड शानदार रहा है। दोनों टीमों के बीच पिछले 19 मुकाबलों में भारत ने 17 में जीत दर्ज की है, जबकि 2 मैच ड्रॉ रहे हैं। पाकिस्तान ने भारत को आखिरी बार 2016 के साउथ एशियन गेम्स के फाइनल में 1-0 से हराया था।
हालिया प्रो लीग मुकाबलों में भी भारत का दबदबा रहा। यूरोपियन लेग में भारत ने पाकिस्तान को लगातार दो मैचों में 7-1 और 4-3 से शिकस्त दी थी।
ये भी पढ़े राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025: 17 खिलाड़ियों को अर्जुन अवॉर्ड, खेल रत्न के लिए इस बार कोई चयन नहीं
वर्ल्ड कप में भी भारत का पलड़ा भारी
हॉकी वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक 5 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारत ने 3 मैच जीते हैं, जबकि पाकिस्तान को 2 मुकाबलों में जीत मिली है। दोनों टीमों की पिछली वर्ल्ड कप भिड़ंत 2010 में हुई थी, जब नई दिल्ली में भारत ने पाकिस्तान को 4-1 से हराया था।
1975 के फाइनल की यादें होंगी ताजा
भारत और पाकिस्तान के बीच वर्ल्ड कप की सबसे यादगार भिड़ंत 1975 के फाइनल में हुई थी। भारत ने पाकिस्तान को 2-1 से हराकर अपनी पहली और अब तक की इकलौती पुरुष हॉकी वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीती थी।
53 साल बाद उसी मैदान पर आमना-सामना
भारत और पाकिस्तान की टीमें वैगनर स्टेडियम में इससे पहले 1973 के वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में आमने-सामने हुई थीं। उस मुकाबले में भारत ने 62वें मिनट में बीपी गोविंदा के गोल की मदद से पाकिस्तान को 1-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।
दिलचस्प बात यह है कि 1973 का फाइनल भी इसी स्टेडियम में खेला गया था, जहां भारत को मेजबान नीदरलैंड्स के खिलाफ पेनल्टी स्ट्रोक में हार मिली थी।
हरमनप्रीत सिंह पर रहेंगी नजरें
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में हैं। वह अब तक 2 मैचों में 3 गोल कर चुके हैं और उनके सभी गोल पेनल्टी कॉर्नर से आए हैं। पाकिस्तान के खिलाफ भी टीम को कप्तान से निर्णायक प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
भारत के लिए यह मुकाबला सिर्फ तीन अंकों की लड़ाई नहीं, बल्कि अगले राउंड में जगह पक्की करने का बड़ा मौका है।

