नई दिल्ली: राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 की घोषणा कर दी गई है। इस बार देश के सर्वोच्च खेल सम्मान मेजर ध्यानचंद खेल रत्न के लिए किसी भी खिलाड़ी का चयन नहीं किया गया है। वहीं तेजस्विन शंकर, दिव्या देशमुख और प्रियंका गोस्वामी समेत 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना गया है। खेल मंत्रालय ने मंगलवार को पुरस्कारों की सूची जारी की।
इन 17 खिलाड़ियों को मिलेगा अर्जुन पुरस्कार
अर्जुन पुरस्कार के लिए एथलेटिक्स से तेजस्विन शंकर, मोहम्मद अजमल वी और प्रियंका गोस्वामी को चुना गया है। बैडमिंटन में त्रिशा जॉली और पुलेला गायत्री गोपीचंद, मुक्केबाजी में नरेंद्र और शतरंज में विदित गुजराती व दिव्या देशमुख को सम्मान मिलेगा।
हॉकी से लालरेमसियामी और राजकुमार पाल, कबड्डी से सुजीत और पूजा, पैरा-शूटिंग से रुद्रांश खंडेलवाल, पैरा एथलेटिक्स से एकता भ्यान, रोइंग से अरविंद सिंह, शूटिंग से अखिल श्योरण और बधिर शूटिंग से धनुष श्रीकांत को अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना गया है।
अर्जुन पुरस्कार लाइफटाइम
अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम) 2025 के लिए फुटबॉल से आई अरुमनायगम को चुना गया है। यह सम्मान खेल से संन्यास के बाद भी खेलों के विकास और प्रोत्साहन में योगदान देने वाले खिलाड़ियों को दिया जाता है।
तीन कोच को द्रोणाचार्य पुरस्कार
द्रोणाचार्य पुरस्कार 2025 के लिए तीन प्रशिक्षकों का चयन हुआ है। इनमें एथलेटिक्स के परवीर सिंह, मुक्केबाजी के छोटे लाल यादव और शूटिंग की नेहा नंदकुमार चव्हाण शामिल हैं।
लाइफटाइम द्रोणाचार्य सम्मान
द्रोणाचार्य पुरस्कार (लाइफटाइम) के लिए मुक्केबाजी के धर्मेंद्र सिंह यादव और कुश्ती के वीरेंद्र कुमार को चुना गया है। यह सम्मान लंबे समय तक उत्कृष्ट प्रशिक्षण और खिलाड़ियों को तैयार करने में योगदान देने वाले कोचों को दिया जाता है।
आर्मी पैरालंपिक नोड को खेल प्रोत्साहन पुरस्कार
राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार 2025 आर्मी पैरालंपिक नोड, पुणे को दिया जाएगा। यह पुरस्कार खेलों के विकास और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली संस्थाओं को प्रदान किया जाता है।
खेल रत्न के लिए कोई नाम नहीं
राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों में इस बार सबसे अहम बात यह रही कि मेजर ध्यानचंद खेल रत्न के लिए किसी खिलाड़ी का चयन नहीं किया गया। पुरस्कारों का फैसला पूर्व सुप्रीम कोर्ट न्यायमूर्ति अरुण कुमार मिश्रा की अध्यक्षता वाली चयन समिति की सिफारिशों के आधार पर किया गया है।

