सीहोर: सावन मास के अंतिम चरण में प्रदोष के अवसर पर मंगलवार को सीहोर शिवभक्ति में डूब गया। सीवन नदी के तट से कुबेरेश्वरधाम तक 11 किलोमीटर लंबी कांवड़ यात्रा शुरू हुई, जिसमें हजारों शिवभक्त शामिल हुए। कांवड़ यात्रा में कुबेरेश्वरधाम के पीठाधीश्वर पंडित प्रदीप मिश्रा भी कांवड़ लेकर श्रद्धालुओं के साथ पैदल रवाना हुए।
सुबह करीब नौ बजे शिवभक्तों ने सीवन नदी का पवित्र जल कांवड़ में भरा और भगवान कुबेरेश्वर महादेव के अभिषेक के संकल्प के साथ यात्रा शुरू की। भगवा ध्वजों, कांवड़ियों की लंबी कतारों और ‘हर-हर महादेव’ व ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से पूरा माहौल शिवमय हो गया।
बारिश भी नहीं डिगा सकी शिवभक्तों की आस्था
यात्रा शुरू होने के बाद बारिश भी हुई, लेकिन शिवभक्तों के कदम नहीं रुके। बरसते पानी के बीच भी श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ कांवड़ लेकर कुबेरेश्वरधाम की ओर बढ़ते रहे। भजनों और महादेव के जयकारों से यात्रा मार्ग भक्तिमय बना रहा।
ये भी पढ़े 945 करोड़ का एलिवेटेड कॉरिडोर बनेगा उज्जैन की ट्रैफिक लाइफलाइन: सिंहस्थ 2028 से पहले पूरा करने का लक्ष्य
प्रदीप मिश्रा के साथ बढ़ा श्रद्धालुओं का उत्साह
पंडित प्रदीप मिश्रा ने भी सीवन नदी से जल लेकर कांवड़ उठाई और हजारों श्रद्धालुओं के साथ यात्रा में शामिल हुए। उनके साथ बड़ी संख्या में शिवभक्त महादेव का जयकारा लगाते हुए आगे बढ़े।
कई राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु
कांवड़ यात्रा में मध्य प्रदेश के अलावा महाराष्ट्र, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों से श्रद्धालु पहुंचे। भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात की विशेष व्यवस्था की।
पुल पर की गई जल भरने की व्यवस्था
सीवन घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने घाट पर प्रवेश सीमित कर दिया। कांवड़ियों के लिए पुल पर नलों के माध्यम से जल भरने की व्यवस्था की गई। पुलिस और प्रशासन की टीमें पूरे मार्ग पर भीड़ नियंत्रण में जुटी रहीं।
आठ झांकियां भी बनीं आकर्षण का केंद्र
यात्रा में आठ भव्य झांकियां और भजन मंडलियां भी शामिल रहीं। झांकियों, भजनों और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष के बीच आगे बढ़ती कांवड़ यात्रा ने सीहोर में आस्था का अद्भुत नजारा पेश किया।
सीवन नदी से कुबेरेश्वरधाम तक 11 किलोमीटर की यह यात्रा श्रद्धालुओं के लिए आस्था और समर्पण का प्रतीक बनी हुई है। कांवड़िये पवित्र जल लेकर कुबेरेश्वर महादेव के दरबार पहुंचेंगे और भगवान शिव का अभिषेक करेंगे।

